सतना: दिसंबर महीने के उत्तरार्ध में हाड़ कंपाऊ जाड़े ने थर्डं डिग्री टॉर्चर देना शुरु कर दिया है. दिसंबर के पूर्वार्ध में जहां कड़ाके की ठंड का असर शाम से लेकर सुबह तक ही बना रहता था और सूर्यदेव के निकलने के बाद राहत मिलने लगती थी. वहीं पिछले 3 दिन से बनी सीवियर कोल्ड डे कंडीशन ने जनजीवन को चौबीसों घंटे कांपते रहने के लिए मजबूर कर दिया है. मौसम के तेवर का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि विंध्य में कोल्ड डे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को सतना शहर में दिन का अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हलांकि पिछले दिन की तुलना में दिन के पारे में 3.8 डिग्री का इजाफा देखने को मिला. लेकिन इसके बावजूद भी यह सामान्य की तुलना में 4.1 डिग्री कम ही आंका गया. वहीं रीवा में सोमवार को भी अधिकतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस पर ही सिमटा रहा. लिहाजा रीवा में घने कोहरे और सीवीयर कोल्ड डे कंडीशन के साथ अधिकतम तापमान सामान्य की तुलना में 5.6 डिग्री नीचे पहुंच गया.
सीधी में अपेक्षाकृत तापमान में थोड़ा इजाफा देखने को मिला लेकिन कोहरे के साथ ही वहां पर भी दिन का अधिकतम तापमान सामान्य की तुलना में 4.3 डिग्री सेल्सियस कम आंका गया. घने कोहरे की बात की जाए तो सोमवार की सुबह रीवा में दृश्यता घटकर 50 मीटर से नीचे पहुंच गई थी. वहीं सतना में भी कोहरे के असर के चलते दृश्यता 50 से लेकर 200 मीटर के बीच बनी रही. जबकि सीधी में दृश्यता 4 से लेकर 10 किमी तक होने से काफी सुधार देखने को मिला. गौरतलब है कि रविवार को विंध्य के लगभग सभी जिलों में शीत लहर जारी रहने से सीविर कोल्ड कंडीशन बनी रही.
लेकिन इसी कड़ी में रात का न्यूनतम तापमान भी गिरता नजर आया. सतना में न्यूनतम तापमान में 24 घंटे में 1.7 डिग्री की कमी दर्ज की गई. इतना ही नहीं बल्कि यह सामान्य की तुलना में 1 डिग्री कम आंका गया. वहीं रीवा में न्यसूनतम तापमान ममें 1.4 डिग्री की कमी देखी गई और यह सामान्य की तुलना में 2.1 डिग्री कम आंका गया. जबकि सीधी में न्यूनतम तापमान में न सिर्फ 0.8 डिग्री का इजाफा हुआ बल्कि यह सामान्य की तुलना में 2.5 डिग्री अधिक आंका गया.
पिछले महीने भर से जारी ठंड अब दिसंबर का उत्तरार्ध शुरु होते ही और भी अधिक घातक होती नजर आने लगी है. मौसम के इस तेवर के चलते आमजन के स्वास्थ्य पर विपरीत असर बना हुआ है. जबकि बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह खतरे की घंटी बनपी हुई है. मौसम विभाग के अनुसार घने कोहरे और कोल्ड डे कंडीशन अगले दो दिनों तक जारी रहने की संभावना है. वहीं न्यूनतम तापमान में लगातार कमी आने का सिलसिला किसी नए सिस्टम के प्रभावी होने तक जारी रहेगा
