
जबलपुर। अंधमूक बायपास के जंगल की ओर से विचरण करते-करते एक चीतल महाराणा प्रताप वार्ड अंतर्गत धनवंतरी नगर के रहवासी इलाके में आ गया। चीतल को देख स्थानीय लोग पहले तो अचंभे में पड़ गए कि ये चीतल यहां कैसे फिर लोगों को पता चला कि जंगल से खेत-खेत होते हुए ये चीतल यहां आ गया है। जिसके बाद स्थानीय पार्षद जीतू कटारे ने वन विभाग के अमले को सूचना दी और मांग की कि कमजोर दिल वाले चीतल को सुरक्षित जंगल में छोड़ा जाए।
इस संबंध में पार्षद जीतू कटारे ने नवभारत को बताया कि बीते दो दिन से चीतल धनवंतरी नगर इलाके में दिखाई दे रहा है। उन्हें डर है कि कहीं आवारा कुत्ते इस जीव पर हमला न कर दें। धनवंतरी नगर के रहवासियों के अनुसार चीतल घर-घर घूमते भी दिखा जिससे ये लगा कि डरा सहमा सा चीतल मानो मदद की गुहार लगा रहा हो।
इनका कहना है-
–जंगल से खेत-खेत होते हुए चीतल धनवंतरी इलाके में आ गया था। वन विभाग के अमले द्वारा हकालकर चीतल को जंगल तरफ भेजने का प्रयास किया जा रहा है। चीतल कमजोर दिल का होता है इसलिए ज्यादा फोर्स नहीं किया जा सकता है। लेकिन वन विभाग की टीम ने चीतल को धनवंतरी नगर से हकालकर अंधमूक बायपास तक भेज दिया है। जल्द ही टीम द्वारा उसे जंगल तरफ भेज दिया जाएगा।
–अपूर्व शर्मा, वन परिक्षेत्र अधिकारी, जबलपुर।
