रीवा:कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जिला उपार्जन समिति की बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने धान उपार्जन के प्रबंधों की समीक्षा की. कलेक्टर ने कहा कि एक दिसम्बर से धान का उपार्जन शुरू हो जाएगा. सभी खरीदी केन्द्रों में किसानों के लिए छाया, पानी, शौचालय की व्यवस्था करें. खरीदी केन्द्र में पर्याप्त संख्या में बारदाने, धान की सफाई, तौल कांटे तथा भण्डारण की भी पूरी व्यवस्था करें.
जिला प्रबंधक सहकारी बैंक शासन द्वारा निर्धारित किए गए ऐप में उपार्जन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी दो दिवस में दर्ज करा दें. जिला आपूर्ति अधिकारी तथा जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम सभी केन्द्रों में कम से कम 20 दिन की धान खरीद के लिए बारदाने दो दिवस में उपलब्ध करा दें. खरीदी केन्द्र में कम्प्यूटर आपरेटर, हम्माल तथा अन्य मानव संसाधन की भी व्यवस्था करें. उपार्जन शुरू होने से पहले सभी धान खरीदी केन्द्रों में आवश्यक प्रबंध कर लें.
कलेक्टर ने कहा कि धान की खरीद शुरू होते ही उसका तत्काल सत्यापन कराकर स्वीकृति पत्रक जारी कराएं. किसान को धान देने के बाद अधिकतम तीन दिवस में राशि का भुगतान सुनिश्चित करें. इसमें किसी भी तरह की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी. बैठक में जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक ज्ञानेन्द्र पाण्डेय, आपूर्ति अधिकारी कमलेश ताण्डेकर, उप संचालक कृषि यूपी बागरी, जिला विपणन अधिकारी शिखा वर्मा उपस्थित रहीं.
