
ग्वालियर: ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र के बड़ागांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब बाइक सवार तीन बदमाशों ने पुरानी रंजिश के चलते फरियादी के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुई इस वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। लेकिन उनकी करतूत पास लगे कैमरों में साफ-साफ कैद हो गई। वहीं पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मुरार थाना क्षेत्र के बड़ागांव निवासी फरियादी दलवीर सिंह गुर्जर और मोनू राणा का कुछ लोगों से पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश को लेकर बदमाशों ने उनके घर को निशाना बनाया। फरियादी के मुताबिक तीन युवक बिना नंबर की बाइक पर सवार होकर आए और घर के बाहर खड़े होते ही फायरिंग शुरू कर दी। हालांकि गोलीबारी में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
लेकिन घटना ने लोगों में दहशत फैला दी है। फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और फुटेज जप्त किए। प्रारंभिक जांच में बदमाशों के भागने की दिशा और उनकी गतिविधियां कैमरे में साफ दिखाई दे रही हैं। पुलिस टीम ने क्षेत्र में घेराबंदी कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
