नयी दिल्ली 04 मई (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने पिछले दिनों यहां हुयी बेमौसम बारिश को लेकर दिये गये बयान के लिए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव की आलोचना की है और कहा है कि कांग्रेस राष्ट्रीय राजधानी में अपना पूरा राजनीतिक अस्तित्व खो चुकी है, इसी वजह से वह प्रदेश सरकार पर अनर्गल आरोप लगा रही है।
श्री कपूर ने रविवार को मीडियाकर्मियों से कहा कि एक धर्म विशेष के कुछ पार्षद जरूर इस पार्टी के पास हैं, बाकी दिल्ली की जनता कांग्रेस को हर स्तर पर नाकार चुकी है, इसके बावजूद श्री यादव दिल्ली के बयानवीर बने हुए हैं।
उन्होंने कहा कि 01 और 02 मई की मध्य रात में जो बारिश आई थी, वह कोई सामान्य बरसात नहीं थी, बल्कि एक तूफान था, जिसके कारण दिल्ली में कई जगह जल भराव हुआ। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की सरकार हर काम अधिकारियों पर छोड़ देती थी, लेकिन यह भाजपा सरकार है, जिसके लोक निर्माण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह सुबह 5.30 बजे से निरीक्षण करने निकल पड़े थे।
वहीं, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता खुद सुबह आठ बजे से और भाजपा के अधिकांश विधायक तथा पार्षद सुबह आठ बजे से जगह- जगह जल निकासी सुनिश्चित करते दिखे।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता श्री यादव से जानना चाहती है कि वह बतायें क्या कभी उनकी मुख्यमंत्री शीला दीक्षित या उनके (कांग्रेस) राजनीतिक मित्र श्री अरविंद केजरीवाल मुख्य मंत्री रहते सुबह 08 बजे बरसात में सड़क पर उतरे थे।
दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता ने कहा कि रेखा गुप्ता सरकार मानसून के पहले की बरसात से बहुत पहले दिल्ली के नालों और ट्रंक सीवरों की सफाई सुनिश्चित करेंगी।
