
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के आगामी तीन फाइनल (2027, 2029 और 2031) की मेजबानी के अधिकार इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) को सौंप दिए हैं। यह फैसला सिंगापुर में हुई आईसीसी की वार्षिक बैठक में लिया गया है, जिसने बीसीसीआई की इन प्रतिष्ठित मुकाबलों को भारत में आयोजित करने की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।
आईसीसी ने अपने बयान में ईसीबी के “सफल ट्रैक रिकॉर्ड” का हवाला देते हुए इस निर्णय को सही ठहराया है। इंग्लैंड ने पहले भी 2021, 2023 और हाल ही में 2025 में हुए डब्ल्यूटीसी फाइनल की सफल मेजबानी की है। बीसीसीआई ने लगातार इन फाइनल्स को भारत में लाने की इच्छा जताई थी, लेकिन सुरक्षा चिंताओं, लॉजिस्टिकल चुनौतियों और दर्शकों की संख्या (अगर भारत फाइनल में नहीं पहुंचता है) जैसे विभिन्न कारकों को देखते हुए आईसीसी ने इंग्लैंड को ही चुना। इस फैसले से साफ है कि अगले कुछ वर्षों तक ‘अल्टीमेट टेस्ट’ का घर इंग्लैंड ही रहेगा, जिससे भारतीय क्रिकेट प्रेमियों को थोड़ा निराशा हाथ लगी है।
