
भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल की सीआईएम क्वालिटी सर्किल क्रमांक 685 ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए नोएडा में आयोजित राष्ट्रीय क्वालिटी सर्किल सम्मेलन (एनसीक्यूसी) में प्रतिष्ठित पार एक्सीलेंस अवार्ड अपने नाम किया। यह राष्ट्रीय स्तर का सम्मेलन 20 से 21 दिसंबर 2025 तक आयोजित हुआ, जिसमें देशभर की अग्रणी क्वालिटी सर्किल्स ने भाग लिया।
क्वालिटी सर्किल 685 ने यूनिट स्तर और चैप्टर स्तर के क्वालिटी कन्वेंशनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय सम्मेलन में अपनी जगह बनाई। टीम की सफलता ऑटो टैपिंग मशीन पर किए गए तकनीकी विकास कार्य पर आधारित रही, जिससे नवाचार, कार्यकुशलता में वृद्धि तथा प्रक्रिया अनुकूलन को प्रभावी रूप से प्रदर्शित किया गया।
एनसीक्यूसी, नोएडा में टीम ने केस स्टडी प्रस्तुति, ज्ञान आधारित परीक्षा तथा तकनीकी प्रस्तुति सहित विभिन्न प्रतिस्पर्धी चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। यह उपलब्धि टीम की उच्च तकनीकी दक्षता, सुव्यवस्थित समस्या समाधान क्षमता और मजबूत टीमवर्क का प्रमाण है।
इस सफलता में वरिष्ठ अधिकारियों का मार्गदर्शन और सहयोग अहम रहा, जिनमें रूपेश तेलंग, महाप्रबंधक (फीडर्स एवं टीसीबी–मैन्युफैक्चरिंग, कमर्शियल एवं मेंटेनेंस), संतोष डोंगरे, महाप्रबंधक (फीडर्स), विभागाध्यक्ष प्रीति गुप्ता, अनुभाग प्रमुख प्रीति निम्जे, फेसीलिटेटर श्रेयांश सिंह, एरिया कोऑर्डिनेटर ब्रजेश ठाकुर तथा बीईएक्स विभाग के अधिकारी शामिल हैं।
क्वालिटी सर्किल 685 में रोहित झा (लीडर), धर्मेंद्र नामदेव (डिप्टी लीडर), सनातन परिडा, सुरेश सैनी और आनंद सोनी शामिल हैं। पार एक्सीलेंस अवार्ड की यह जीत टीम के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है और बीएचईएल भोपाल की गुणवत्ता उत्कृष्टता पहलों में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जोड़ती है।
