इंदौर: इंदौर की जीडीपी को डबल करने को लेकर का ब्लूप्रिंट प्रस्तुत किया गया. उक्त ब्लूप्रिंट के विषय में स्थानीय सांसद ने प्रदेश के मुख्य सचिव से चर्चा की. इसका मुख्य सचिव के सामने प्रेजेंटेशन भी दिया गया.सांसद शंकर लालवानी ने मुख्य सचिव अनुराग जैन को ‘इंदौर 2030- डबल जीडीपी का ब्लूप्रिंट प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया. उक्त प्रेजेंटेशन में बताया गया कि किस तरह से इंदौर की जीडीपी को दोगुना करने हेतु औद्योगिक सेक्टर, व्यापारिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों, टैक्स प्रैक्टिशनर्स एसोसिएशन, शैक्षणिक संस्थानों और प्रबुद्ध नागरिकों से संवाद कर ज़मीनी रोडमैप तैयार किया गया है.
मुख्य सचिव अनुराग जैन ने कहा कि यह एक बेहद ठोस, गंभीर और दूरदर्शी प्रयास है. उन्होंने कहा कि इंदौर की जीडीपी डबल करने के लिए किया गया यह अध्ययन प्रदेश के अन्य शहरों के लिए भी मार्गदर्शक बन सकता है. सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश और इंदौर तेजी से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि इंदौर की जीडीपी डबल करने का यह अभियान केवल एक आंकड़े तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य इंदौर को आर्थिक रूप से मजबूत, आकर्षक निवेशक और जनता के लिए बेहतर शहर बनाना है.
विभिन्न संस्थाओं से की गहन चर्चा
सांसद लालवानी ने बताया कि ब्लूप्रिंट को तैयार करते समय आईआईटी इंदौर, आईआईएम इंदौर सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक और औद्योगिक संस्थाओं के साथ गहन चर्चा की गई है. सभी के सुझावों को शामिल करते हुए एक ऐसा मॉडल तैयार किया गया है , जिसे धरातल पर उतारा जा सके. इस बैठक में वरिष्ठ अर्थशास्त्री डॉ. जयंतीलाल भंडारी, समाजसेवी डॉ. अनिल भंडारी, प्रोफेसर डॉ. दीपक जारोलिया, चिन्मय मांजरेकर, अनुराग सिकरवार, अजय जैन तथा आलोक वाणी उपस्थित थे
