
झाबुआ। शहर के रातीतलाई क्षेत्र में रहने वाले दो युवक डीआरपी लाईन मैदान में फुटबाल खेलने के बाद स्कूटी वाहन से झाबुआ-मेघनगर मार्ग पर ग्राम पंचायत मिंडल के समीप ढाबे में खाना खाने के लिए गए और जब खाना खाकर वापस घर आने के लिए लौट रहे थे, तो सामने से तेज रफतार से आ रहीं ब्रेजा कार ने उन्हें बुरी तरह रोंद दिया। जिसमें एक युवक की तो मौके पर मृत्यु हो गई वहीं दूसरे युवक ने जिला चिकित्सालय में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
उक्त विभत्स दुर्घटना 26 नवंबर, बुधवार रात करीब 10.30 बजे की है। रातीतलाई क्षेत्र निवासी रूद्र पिता दीपसिंह मेड़ा उम्र 18 वर्ष एवं उसका दोस्त नयन उर्फ यश पिता शंकरलाल परमार उम्र 19 वर्ष, दोनो डीआरपी लाईन मैदान पर फुटबाल खेलने के बाद खाना खाने के लिए झाबुआ-मेघनगर मार्ग पर मिंडल में ग्राम पंचायत भवन के समीप स्थित ढाबे पर गए। खाना खाकर वापस बाहर स्कूटी से घर लौट रहे थे। तभी सामने से अत्यधिक तेज रफतार से आ रहीं ब्रेजा कार क्रमांक एमपी-09, डब्ल्यूसी-6428 ने उनकी स्कूटी को जर्बदस्त टक्कर मारी। जिसमें स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के साथ दोनो युवक सड़क से दूर जाकर गिरे। मिली जानकारी के अनुसार उक्त भीषण दुर्घटना में रूद्र मेड़ा को गंभीर चोट आने पर मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं नयन भी दूर जाकर सड़क से नीचे जा गिरा। घटनास्थल से पुलिस को सूचना दिए जाने पहले पुलिस द्वारा एक मृत युवक को एंबुलेंस की मद्द से जिला चिकित्सालय लाया गया, लेकिन बाद में परिजनों एवं रातीतलाई क्षेत्र के लोगों ने बताया कि रूद्र मेड़ा के साथ नयन परमार भी स्कूटी पर साथ में गया था। जिसके बाद पुलिस ने दुर्घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की, तो नयन भी सड़क किनारे दर्द से कहराता नजर आया। जिसे उपचार के लिए रात में ही जिला चिकित्सालय लाया गया, लेकिन नयन को भी गंभीर चोट आने से उपचार के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई।
परिजनों में छाया घोर विलाप
दुर्घटना में ब्रेजा कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद कार चालक फरार हो गया। पुलिस ने ब्रेजा कार को फिलहाल जप्ती में लिया है। उधर दुर्घटना के बाद दोनो युवकों के परिजनों में घोर विलाप छा गया। जिला चिकित्सालय परिसर में रात में ही रातीतलाई क्षेत्र के लोगों की भारी भीड़ भी जमा हो गई। इस भीषण दुर्घटना को लेकर सभी लोग चौकन्ने रह गए। अगले दिन 27 नवंबर, गुरूवार सुबह दोनो मृत युवकों के शव का पीएम हुआ। बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। घटना में मृत युवकों के परिजनों ने इस मामले में पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषी ब्रेजा कार चालक के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की मांग की है। दुर्घटना में प्रकरण पुलिस थाने में एसआई अशपाक खान ने पंजीबद्ध किया वहीं विवेचना एएसआई गोपाल सोलंकी द्वारा की जा रहीं है।
