
भोपाल। कोलार पुलिस ने 12 बोर की बंदूक से सार्वजनिक जगह पर फयरिंग करने वाले आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है. आईबीडी सिटी के सामने आरोपी युवक ने अपने एक रिश्तेदार की बंदूक से बुधवार देर रात बंदूक से फायरिंग करते हुए दहशत फैलाने का काम किया. फायरिंग के दौरान किसी भी शख्स के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है. मामले की शिकायत पर मौके पर पुहंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बंदूक बरामद करते हुए मूल लाइसेंसधारी को भी सह-आरोपी बनाया है.
मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी अभय राठौर (24) निवासी आशीर्वाद कालोनी को पुलिस ने बंदूक के साथ गिरफ्तार किया. आरोपी ने आईबीडी सिटी के सामने अपने पास रखी बंदूक से लापरवाही बरतते हुए फायरिंग कर दी. गनीमत रही कि इस फायरिंग के दौरान कोई भी व्यक्ति निशाना नहीं बना. आरोपी को गिरफ्तार करते हुए पुलिस ने पूछताछ की. पुलिस की पूछताछ के दौरान आरोपी के पास से बंदूक का लाइसेंस भी बरामद नहीं हुआ.
जानकारी के अनुसार आरोपी अभय राठौर ने पुलिस की पूछताछ में खुलासा किया कि संबंधित बंदूक उसके रिश्तेदार लालबीर धुर्वे निवासी जिला रायसेन की है. पुलिस ने तत्काल लालबीर धुर्वे को तलब किया.लालबीर ने स्वीकार किया कि अभय उससे फायर करने के लिए बंदूक और कारतूस लेकर आया था. पुलिस ने लालबीर के पास से शेष 14 नग कारतूस और लाइसेंस की छायाप्रति जब्त
कर ली है.
