पं. मदन मोहन मालवीय वार्ड का मामला
जबलपुर: पं. मदन मोहन मालवीय वार्ड अंतर्गत गली में एक परिवार द्वारा आने जाने वाले रास्ते में सामान रख कर कब्जा कर लिया है। जिसके कारण यहां के रहवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र वासियों द्वारा जब रास्ते से समान हटाने के लिए कहा जाता है तो उनके साथ परिवार के लोग अभद्रता पर उतारू हो जाते हैं। इसके अलावा क्षेत्रवासियों द्वारा इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक, महापौर, ननि अतिक्रमण शाखा में करने के बाद भी कोई कार्यवाही कब्जा कर सामान रखने वालों के ऊपर नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार पं. मदन मोहन मालवीय वार्ड क्र 52 अंतर्गत 8 नल के समीप हरवंश किराना स्टोर्स के बाजू वाली गली छोटी ओमती में आने-जाने के लिए लगभग 10 फुट की एक गली है। उक्त मार्ग में मिर्जा असलम बेग, मिर्जा अफजाल वेग, सुश्री रिहाना, सुश्री आना बेगम परिवार द्वारा अपना चार पहिया ई-रिक्शा वाहन तथा अन्य कबाड़ सामग्री का ढेर लगाकर रखा गया है, जिससे अन्य रहवासियों को भी आने-जाने में परेशानी होती है।
ज्वलनशील पदार्थ भी रखे, हादसे की आशंका
रहवासियों का कहना है कि उक्त परिवार घर में एवं घर की छत पर पत्री, कंबल एवं गद्दा जैसे अन्य ज्वलनशील कबाड़ एकत्र कर रखा गया है, जिससे कभी भी किसी बड़ी अनहोनी की आशंका बनी रहती है।
सामान हटाने पर करते हैं अभद्रता
वार्ड अंतर्गत रहने वाले लोगों का कहना है कि जब उन लोगों द्वारा रास्ते में रखे चार पहिया ई-रिक्शा या कबाड़ को हटाने के लिए कहा जाता है तो वह सपरिवार उन लोगों से अभद्रतापूर्ण व्यवहार करने लगते है एवं झूठी शिकायत करने की धमकी देते हैं।
