नयी दिल्ली 17 जुलाई (वार्ता) भारत ने मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना में देरी के जापान के एक पूर्व मंत्री के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे उनकी व्यक्तिगत राय बताया है और जोर देकर कहा है कि इस परियोजना पर बातचीत सही तरीके से चल रही है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को यहां इस बारे में पूछे गये सवालाें के जवाब में कहा कि मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड ट्रेन परियोजना पर भारत और जापान के बीच बातचीत सही तरीके से आगे बढ रही है। उन्होंने कहा कि जापान के मंत्री की टिप्पणी उनके व्यक्तिगत विचार हैं और यह तथ्यों से अलग है।
प्रवक्ता ने कहा कि जापान की ओर से ई-20 ट्रेन की आपूर्ति वर्ष 2030 के आरंभ में होगी। इस ट्रेन को अभी बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पहले खंड पर 2027 में संचालन शुरू हो जायेगा। दोनों पक्ष भारतीय हाई स्पीड ट्रेनों के साथ संचालन करने के लिए सहमत हुए हैं और इसके अनुरूप ही सिग्नल उपकरण आर्डर किये जा रहे हैं । उन्होंने कहा कि इन उपकरणों के बारे में जापान की ओर से कोई प्रस्ताव नहीं मिला था। इस परियोजना पर काम जल्द से जल्द शुरू करने के साझा लक्ष्य से काम किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि जापान के पूर्व मंत्री हिदेकी मेखारा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में भारत पर परियोजना में देरी का आरोप लगाते हुए कहा था कि भारत वादों को समय पर पूरा नहीं करता।
