
Update
जबलपुर। रविवार सुबह पमरे के भोपाल मंडल अंतर्गत हरदा डबल रेल फाटक पर तकरीबन 7.30 बजे बैगनी टॉवर वैन पटरी से उतर गई। जिससे कारण मुंबई से इटारसी होकर जबलपुर व भोपाल की ओर जाने वाली सभी ट्रेनें प्रभावित हो गई। बता दे कि हरदा में दो ही लाइन हैं। वैन के पटरी से उतरते ही डाउन ट्रैक पर रेल यातायात बाधित हो गया है। मालूम हो कि यह रूट मुंबई और दिल्ली के साथ बंगाल और बिहार को भी जोड़ता है। रविवार को हुए इस हादसे के कारण ट्रेनें घंटों लेट चल रही थी। घटना के बाद खबर लिखे जाने तक गाड़ी संख्या 12322 मुंबई हावड़ा मेल 8 घंटा 20 मिनट, 12149 पुणे-दानापुर 6 घंटा, 12141 एलटीटी-दानापुर पाटलीपुत्र एक्सप्रेस 6.30 घंटा, 12167 मुंबई-बनारस सुपरफास्ट 6 घंटा 30 मिनट, 22177 मुंबई-वाराणसी महानगरी एक्सप्रेस 6 घंटा 20 मिनट विलंब से जबलपुर पहुंचने की संभावना जताई जा रही थी। ट्रेनों की लेटलतीफी के चलते जबलपुर स्टेशन पर यात्री परेशान होते नजर आये, वे लगातार ट्रेनों के आगमन की जानकारी पता करते रहे। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार रेलवे की टीम लगभग 5 से 6 घंटे सुधार कार्य में जुटी रही। इस दौरान ट्रेनों को उप ट्रैक से निकाला जा रहा था। बैगनी टॉवर वैन को पटरी से हटाने के कार्य में रेलवे के लगभग 100 से अधिक कर्मचारी लगे हुए थे।
