इंदौर.:सोमवार सुबह निगम आयुक्त ने शहर में विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने बीएसएफ परिसर में पौधारोपण स्थल और अमृत योजना में निर्माणधीन एसटीपी प्लांट और ड्रेनेज लाइन डालने के कार्यों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के बाद आयुक्त ने अधिकारियों को समय सीमा और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए.निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने ग्राम बुडानिया पहाड़ी बीएसएफ कैंपस में पिछले हफ्ते किए पौधारोपण स्थल का निरीक्षण किया.
आयुक्त ने अवलोकन कर पौधारोपण की वर्तमान स्थिति, सिंचाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए. इसके बाद आयुक्त सिंघल ने अमृत 2.0 योजना के पैकेज-2 के विकास कार्यों का दौरा कर मौका मुआयना किया. इस दौरान नंद बाग कॉलोनी, टिगरिया बादशाह, स्कीम नंबर-166 तथा बड़ा बांगड़दा में ड्रेनेज लाइन का काम देखा.
उन्होंने कार्य प्रगति, गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों तथा तकनीकी बिंदुओं पर अधिकारियों एवं ठेकेदार एजेंसी को तय समय-सीमा में काम करने के निर्देश दिए. साथ ही योजना -166, टिगरिया बादशाह में निर्माणाधीन 40 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का भी अवलोकन किया. अधिकारियों और ठेकेदार एजेंसी को कम में गति बढ़ाने के आदेश दिए. निरीक्षण के दौरान प्रभारी राजेंद्र राठौर, उद्यान अधिकारी शांतिलाल यादव एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
