इंडिमून्स आर्ट फेस्टिवल में दिखेगा रंगमंच के दिग्गजों का संगम

भोपाल। शहर में 26 से 29 मार्च तक आयोजित होने वाला इंडिमून्स आर्ट फेस्टिवल इस बार रंगमंच, संगीत और संवाद का बड़ा मंच बनने जा रहा है। रवीन्द्र भवन के हंसध्वनि सभागार में होने वाले इस चार दिवसीय आयोजन में नीतिश भारद्वाज, राकेश बेदी, संजय मिश्रा और शेखर सुमन जैसे दिग्गज कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को जोड़ेंगे। शुक्रवार दोपहर भोपाल हाट परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में संयोजक बिजॉन मंडल ने बताया कि फेस्टिवल केवल मनोरंजन नहीं बल्कि समाज और संवेदनाओं पर संवाद का माध्यम है। इस दौरान बालेंद्र सिंह, मुकुल त्रिपाठी, विक्रांत भट्ट, मनोज जोशी, योगेंद्र सिंह राजपूत और हरिओम तिवारी ने भी कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि 26 मार्च को नाटक चक्रव्यूह से शुरुआत होगी। 27 मार्च को मसाज, 28 मार्च को घासीराम कोतवाल और 29 मार्च को साहिर और अमृता की कहानी पर आधारित काव्यात्मक प्रस्तुति एक मुलाकात मंचित होगी। उन्होंने बताया फेस्टिवल में हर दिन शाम 7.30 बजे मुख्य नाट्य प्रस्तुतियां होंगी। वहीं दोपहर 3.30 बजे से कला और सिनेमा पर चर्चा सत्र आयोजित किए जाएंगे. साथ ही शाम 5.30 बजे ओपन स्टेज के जरिए शहर के युवाओं को मंच मिलेगा, जहां गीत संगीत और कविताओं की प्रस्तुतियां होंगी। आयोजकों ने बताया कि पहली बार अपना स्टेज पहल के तहत स्थानीय प्रतिभाओं को भी मौका दिया जा रहा है। जिसमें अब तक शहर के कई प्रतिभाओं को चुन लिया गया है. आयोजकों के अनुसार यह फेस्टिवल भोपाल में कला प्रेमियों के लिए एक ऐसा मंच होगा जहां विचार, अभिव्यक्ति और रचनात्मकता एक साथ साकार होगी और शहर की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई मिलेगी।

 

Next Post

बिजनेस पार्क से लेकर सेमिफार्म हाउस तक: हाउसिंग बोर्ड के मेले में आज निवेश के बेहतरीन विकल्प

Sat Mar 21 , 2026
भोपाल। मध्य प्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की तरफ से दो दिवसीय आवास मेले का शुभारंभ पर्यावास भवन में शुक्रवार किया गया. जो कि 21 मार्च तक चलेगा। उप संभागीय अधिकारी प्रवीण पूर्वन ने बताया कि आम लोगों को एक ही छत के नीचे किफायती घरों की जानकारी […]

You May Like