सीहोर: नपा परिषद कार्यालय में आयोजित नेत्र चिकित्सा शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपनी आंखों की जांच कराई. 300 से अधिक लोगों की जांच की गई, वहीं जांच के उपरांत 14 लोगों को चश्मों का वितरण किया गया.शिविर में विशेषज्ञों द्वारा नागरिकों की आंखों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया गया. नपा द्वारा आयोजित इस शिविर का उद्देश्य आमजन को उनके घर के समीप स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा नेत्र संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान एवं उपचार के लिए जागरूक करना रहा.
नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि नपा केवल शहर के विकास और निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों की सेवा और उनके स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है. हमारा प्रयास है कि नगर के जरूरतमंद और आम नागरिकों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध हों. इसी उद्देश्य के साथ नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया.
उन्होंने कहा कि सेवा के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना हमारा संकल्प है.उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही मजबूत और विकसित शहर की नींव होते हैं. कार्यक्रम के दौरान पार्षद विजेंद्र परमार, संतोष शाक्य, कमलेश राठौर, नगर पालिका के समस्त अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे. नेत्र चिकित्सा शिविर में पहुंचे नागरिकों ने नेत्र जांच एवं चश्मा वितरण की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए नगर पालिका परिषद का आभार व्यक्त किया.
