इंदौर:शहर में पूर्वी रिंग रोड पर एमपीआरडीसी द्वारा बनाए जा रहे ओवर ब्रिज का निर्माण समय पर पूरा नहीं होगा. इसका कारण यह है कि ब्रिज निर्माण में बाधक गैस लाइन चार माह में भी शिफ्ट नहीं हो सकी है. ब्रिज निर्माण का समय पूरा होने में सिर्फ चार माह शेष है.एमपीआरडीसी शहर में चार ब्रिज बना रहा है. उसमें से एक ओवर ब्रिज पूर्वी रिंग रोड आईटी चौराहे पर बन रहा है. यह ओवर ब्रिज 865 मीटर लंबा और 6 चौड़ा बनेगा.
उक्त ब्रिज निर्माण का ठेका मेसर्स नारायणदास कंस्ट्रक्शन को दिया गया है. ब्रिज निर्माण की लागत 64 करोड़ रुपए है. इसको करीब 18 महीने में पूर्ण करने का समय तय था, लेकिन अब यह समय पर पूरा नहीं होगा. ब्रिज का काम शुरू में बहुत तेज गति से चल रहा था. वर्तमान में ब्रिज के सभी पियर खड़े हो चुके है. गर्डर लांच करने की तैयारी है. इससे भी ज्यादा जरूरी सर्विस रोड का काम है. सर्विस रोड का काम अवंतिका गैस कंपनी के कारण रुका हुआ है.
अवंतिका गैस कंपनी चार महीने में भी गैस लाइन हटा नहीं सकी है, जबकि अवंतिका गैस कंपनी ने एमपीआरडीसी अधिकारियों को एक माह में गैस लाइन शिफ्ट करने का कहा था. फिलहाल आईटी चौराहे ओवर ब्रिज का काम अटका हुआ है, तो गैस लाइन के कारण ही अटका हुआ है. अभी भी अवंतिका गैस कंपनी ने 15 दिन का समय एमपीआरडीसी अधिकारियों से ओर लगने का कहा है. बताया जा रहा है कि ओवर ब्रिज निर्माण कार्य पूरा होने की समय सीमा मार्च 2026 है, लेकिन जुलाई 2026 तक भी पूरा होने की संभावना कम है.
एक माह का समय मांगा था
एमपीआरडीसी के क्षेत्रीय संचालक गगन भाभर ने बताया कि हम गर्डर लांच करने की तैयारी में है. गैस कंपनी ने एक माह का समय मांगा था, लेकिन चार महीने हो गए और अभी तक भी लाइन शिफ्टिंग नहीं हुई है. इस कारण ब्रिज का काम गति नहीं पकड़ पा रहा है. सर्विस रोड का काम भी लाइन शिफ्ट नहीं होने पर शुरू नहीं कर पा रहे हैं.
ब्रिज के कारण आईटी चौराहे पर यातायात जाम
आईटी चौराहा पर निर्माणाधीन ओवर ब्रिज के कारण खंडवा रोड और रिंग रोड पर यातायात जाम की स्थिति बनी हुई है. इसका कारण यह है कि गैस लाइन शिफ्ट हो तो सर्विस रोड का काम शुरू हो सकेगा. सर्विस रोड नहीं होने से निर्माणाधीन क्षेत्र से यातायात निकाला जा रहा है. दुर्घटना के डर से काम बहुत ध्यान से करने के चलते गति नहीं पकड़ पा रहा है
