जबलपुर: प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनजातीय वर्ग के आत्मसम्मान और गौरवशाली इतिहास को सम्मान देते हुए एक ऐतिहासिक घोषणा जबलपुर में की है। मुख्यमंत्री ने निर्देश जारी किए हैं कि जनजातीय विभाग द्वारा संचालित प्रदेश के सभी आवासीय शैक्षणिक संस्थानों (छात्रावास और आश्रम शालाएं) का नामकरण गोंडवाना साम्राज्य की महान वीरांगना रानी दुर्गावती और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजा शंकर शाह एवं रघुनाथ शाह के नाम पर किया जाएगा।
वहीं बालिका आश्रम भी अब रानी दुर्गावती के नाम से पहचाने जाएंगे इसके साथ ही प्रदेश के जनजातीय विभाग के छात्रावासों में अगले वर्ष से 5000 छात्रावास अधीक्षकों की भर्ती की जाएगी। ये सभी घोषणाएं सीएम ने शनिवार को जबलपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कीं हैं। मुख्यमंत्री की इस घोषणा को जनजातीय वर्ग के युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ने और शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
