जबलपुर: केंद्रीय सुरक्षा संस्थान जीसीएफ (गन कैरिज फैक्ट्री) और पाटबाबा मंदिर के पास के जंगलों में पिछले कुछ दिनों से तेंदुआ की दहशत लोगों में खासी व्याप्त है। इस इलाके में करीब 4 तेंदुए की लगातार मूवमेंट को गंभीरता से लेते हुए पाट बाबा मंदिर समिति के और जीसीएफ प्रबंधन ने मंदिर के गेट और आसपास के मुख्य जगहों पर चेतावनी के पोस्टर लगा दिए हैं.
जिसमें अपील की गई है कि अंधेरा होने के बाद और अकेले मंदिर परिसर के पास न घूमें। उधर मंदिर समिति की सूचना के बाद वन विभाग की टीम और फैक्टरी के सुरक्षा गार्ड भी लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। जानकारी के अनुसार वन विभाग की टीम को 24 घंटे निगरानी के निर्देश आला अधिकारियों द्वारा दिए गए हैं और कहा गया है कि वे तेंंदुओं का रेस्क्यू करें।
तेंदुओं की संख्या में हो रहा इजाफा
राज्य वन अनुसंधान केंद्र (एसएफआरआई) की रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2023 में 17 तेंदुए शहरी क्षेत्र में दर्ज किए गए थे। अनुमान है कि बीते दो वर्षों में यह संख्या लगभग दोगुनी हो चुकी होगी। जिसका नतीजा है कि पाटबाबा इलाके पास 4 तेंदुआ देखे गए हैं। इसके अलावा डुमना, खमरिया, ईडीके, नयागांव, टिकरा, घाना, रिठौरी, एलपीआर और फूड पार्क जैसे इलाकों में पहले से ही तेंदुए देखे जा रहे हैं।
