राहुल और जायसवाल ने टेस्ट बल्लेबाजी पर अपनी पकड़ बना ली है: मांजरेकर

मैनचेस्टर, 23 जुलाई (वार्ता) क्रिकेट विशेषज्ञ संजय मांजरेकर का मानना है कि केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल की जोड़ी ने टेस्ट बल्लेबाजी पर अपनी पकड़ बना ली है।

जियोहॉटस्टार विशेषज्ञ मांजरेकर ने बुधवार को चौथे टेस्ट के पहले दिन के पहले सत्र के समापन के बाद ‘मैच सेंटर लाइव’ पर केएल राहुल-जायसवाल की साझेदारी पर अपने विचार साझा करते हुए कहा, “केएल राहुल और जायसवाल ने सलामी जोड़ीदार के रूप में लगभग 500-600 रन बनाए हैं, इसका कारण उनकी कड़ी मेहनत है। केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल द्वारा बनाई गई नींव, दोनों ने इस पारी में 30 प्लस रन बनाए हैं, वह भी दो घंटे की बेहतरीन टेस्ट-मैच बल्लेबाजी के बाद। सीरीज के पहले दिन, जब उन्हें टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करनी पड़ी, तो मैं चकित रह गया कि जिस तरह से भारतीय बल्लेबाजों की इस टी-20 पीढ़ी ने खुद को ढाला है, वह शानदार है। मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूँ कि जायसवाल और केएल राहुल दोनों ने अपनी पकड़ बना ली है।”

उन्होंने राहुल की निरंतरता और विदेशी टेस्ट परिस्थितियों में उनकी बल्लेबाजी शैली के अनुकूल होने के बारे में कहा,“केएल राहुल के पास शॉट खेलने का सही तरीका है। इंग्लैंड में कहा जाता है कि जब गेंद ऊपर की ओर आती है, तो आप ड्राइव लगाकर दो रन लेते हैं, बाउंड्री नहीं। उन्होंने अपने दो कवर ड्राइव के साथ ठीक यही किया। यह एक ऐसा खिलाड़ी है जिसने सीरीज में एक भी गलती नहीं की है और लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। इसलिए भारत के पास केएल राहुल जैसा बल्लेबाज है जिसने आखिरकार अपनी बल्लेबाजी में निरंतरता हासिल कर ली है। यह तेज आउटफील्ड नहीं है, इसलिए उनके कई शॉट दो रन के लिए गए। लेकिन हाँ, हम केएल राहुल से यही उम्मीद करते हैं। हम यह भी देखते हैं कि अब कई युवा बल्लेबाज अतीत के दिग्गजों के बराबर पहुंच रहे हैं, और लगातार ऐसा कर रहे हैं। एक कारण यह है कि वे अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। दूसरा कारण यह है कि भारत अब इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका जैसी जगहों पर बहुत सारे टेस्ट मैच खेलता है, लगभग हर दो साल में।”

जियोहॉटस्टार विशेषज्ञ जोनाथन ट्रॉट ने शीर्ष क्रम में केएल राहुल की भूमिका की प्रशंसा की और भारतीय ड्रेसिंग रूम में उनके द्वारा लाए गए शांत और व्यवस्थित रवैये का उल्लेख करते हुए कहा, “मुझे लगता है कि केएल राहुल भारत के लिए एक वास्तविक आधार रहे हैं, और वह निश्चित रूप से ड्रेसिंग रूम को शांत रखते हैं। जिस तरह से वह अपना काम करते हैं, उनके हाव-भाव, जिस तरह से वह रन बनाते हैं – जिन क्षेत्रों में वह रन बनाते हैं – वह एक सलामी बल्लेबाज होने के लिए पूरी तरह से अनुकूल है। वह गेंद को बहुत अच्छी तरह से छोड़ रहे हैं। मुझे लगता है कि वह शानदार फॉर्म में हैं। अगर वे इस साझेदारी को जारी रख सकते हैं – और कड़ी मेहनत करने के बाद जल्दी फायदा उठाने का प्रयास में मैदान पर नहीं उतरते हैं – तो वे एक बेहतरीन स्थिति में होंगे।”

 

Next Post

अगले 24 घंटे में उत्तरी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के आसार

Wed Jul 23 , 2025
अमरावती 23 जुलाई(वार्ता) मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा है कि अगले 24 घंटों के दौरान बंगाल की खाड़ी के उत्तरी भाग में एक चक्रवात बनने के आसार हैं। केंद्र ने सूचना दी की इसके प्रभाव के कारण कुछ क्षेत्रों में कम दबाव के क्षेत्र बन सकते हैं। रिपोर्ट में बताया […]

You May Like