अमरावती 23 जुलाई(वार्ता) मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा है कि अगले 24 घंटों के दौरान बंगाल की खाड़ी के उत्तरी भाग में एक चक्रवात बनने के आसार हैं।
केंद्र ने सूचना दी की इसके प्रभाव के कारण कुछ क्षेत्रों में कम दबाव के क्षेत्र बन सकते हैं।
रिपोर्ट में बताया गया है कि पश्चिमी-केंद्रीय और उत्तरी-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में समुद्र स्तर से लगभग 3.1 से लेकर 5.8 कि. मी. की ऊंचाई पर चक्रवाती प्रभाव बना हुआ है।
इसके अतिरिक्त, कम दबाव का क्षेत्र पश्चिमी अरब सागर से लेकर बंगाल की खाड़ी में चक्रवात की क्षेत्र तक फैला हुआ है। यह दक्षिणी गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, तेलांगना और तटीय आंध्र प्रदेश में समुद्र तल से लगभग 5.8 कि. मी. की ऊँचाई पर है।
तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में अगले 24 घंटों में भारी से लेकर बहुत भारी वर्षा के आसार हैं।
चौबीस और 25 जुलाई को दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का अनुमान है और 27 जुलाई को उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में भारी बारिश के आसार हैं।
अगले पांच दिनों में तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में अलग-अलग स्थानों पर तथा अगले तीन दिनों में रायलसीमा में गरज के साथ बिजली चमकने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवायें चलने का अनुमान है।
छब्बीस और 27 जुलाई को भी रायलसीमा के कुछ जगहों पर 40-50 की रफ्तार से तेज़ हवायें चलेंगी।
रिपोर्ट में आगे बताया गया कि तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में पिछले 24 घंटों में बारिश भी हुई है।
