खरगौन से आई आटोमेटिक पिस्टल से चली थी गोलियां

जबलपुर। हनुमानताल थाना अंतर्गत भोलानगर में शनिवार शाम खरगौन से लाई गई नई आटोमेटिक पिस्टल से ताबड़तोड़ गोलियां चली थी। जिसमें एक युवक की मौत हो गई थी जबकि दूसरा घायल हो गया था। मामले में पुलिस ने हत्या, हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर लिया है। साथ ही गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर रविवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया जहां से उसे 30 सितम्बर तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इसके साथ ही उसके पुत्र को भी पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है जिसमें नए खुलासे होने की संभावना है।

पुलिस के मुताबिक अंकित रैकवार निवासी भोलानगर ने बताया कि उसके माता-पिता की मौत हो चुकी है, जिसके बाद से वह भवानी चौक निवासी राजा सोनकर के यहाँ काम करता है। राजा सोनकर गांजा सप्लाई का अवैध धंधा करता है और उसके भाई पप्पू सोनकर की बहुत पहले हत्या हो चुकी है। व्यापारिक दुश्मनी के कारण राजा सोनकर हमेशा अपने पास पिस्टल रखता है। शनिवार को अंकित और उसका दोस्त करन, राजा सोनकर के भोलानगर स्थित मकान के ऊपरी हॉल में बैठे थे। तभी वहाँ लेमा गार्डन निवासी सिद्धांत अपनी पत्नी के साथ आया और राजा का परिचित ऋषि सोनकर भी पहुँच गया। इसी दौरान राजा सोनकर ने सभी से कहा खरगौन से एक आटोमेटिक पिस्टल आई है, देखना है क्या? सभी के हामी भरते ही राजा ने पलंग के बॉक्स से एक लंबी मैगजीन वाली पिस्टल निकाली और उसे करन की तरफ तान दिया। तभी अचानक पिस्टल से बैक-टू-बैक कई गोलियां चल गईं। करन के बाएं कंधे पर 2 गोलियां और दाहिने पैर में 1 गोली लगी, जिससे वह वहीं ढेर हो गया था। फायरिंग के बाद राजा सोनकर और सिद्धांत तुरंत लहूलुहान करन को स्कूटर पर बैठाकर भागे। बाद में राजा का बेटा प्रिंस और एक परिचित उसे विक्टोरिया अस्पताल लेकर पहुँचे, लेकिन तब तक करन उर्फ अभिज्ञान 19 वर्षीय निवासी शंकर नगर, मदर टेरेसा की मौत हो चुकी थी। वहीं,घायल अंकित रैकवार 20 वर्षीय को विक्टोरिया अस्पताल से गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है जहाँ पुलिस ने उसके बयान दर्ज किए है। टीआई सुभाष बघेल ने बताया कि राजा सोनकर के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास सहित आम्र्स एक्ट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपित को रिमांड पर लिया गया है। जबकि उसके बेटे प्रिंस को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अवैध हथियार के नेटवर्क समेत अन्य एंगल पर तफ्तीश कर रही है।

Next Post

सत्येंद्र कुमार सफा ने कुश्ती में जीता गोल्ड मेडल

Sun Sep 27 , 2026
नीमच। लोक शिक्षण संचनालय मध्यप्रदेश द्वारा 70 राज्य शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 का आयोजन जबलपुर में 21 से 25 सितंबर तक किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में निवासरत कई प्रतिभागी शामिल हुए हैं। कुश्ती प्रतियोगिता में नीमच जिले के ग्वालटोली क्षेत्र निवासी श्री चंद्रवंशी […]

You May Like