अशोकनगर: जिले के सेमराहाट सबस्टेशन में बिजली गुल होने से नाराज ग्रामीणों ने कल रात ड्यूटी पर तैनात विद्युत कर्मी से मारपीट कर दी। घटना में कर्मी को चोटें आई हैं। वहीं सूचना मिलने के बाद विद्युत विभाग के अधिकारियों ने मारपीट करने वालों के खिलाफ कचनार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मिली जानकारी के अनुसार, सेमराहाट सबस्टेशन में पदस्थ जितेन्द्र सिंह, निवासी ग्राम करमई रात करीब नौ बजे ड्यूटी पर थे। इसी दौरान ग्राम ईश्वरखेड़ी से कुछ लोग पहुंचे और बिजली कटौती को लेकर विवाद करने लगे। पीड़ित कर्मी के अनुसार, जब उसने उन्हें समझाने की कोशिश की तो ग्रामीणों ने गाली-गलौच कर मारपीट कर दी। आरोप है कि कुछ अन्य लोगों ने लात-घूसे मारे, जिससे उसके मुंह और पेट में चोट आई।
घटना की सूचना विभागीय अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद आरोपितों के खिलाफ कचनार थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
