
नई दिल्ली, 04 नवम्बर 2025: लंबे समय से घाटे में चल रही टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन-आइडिया (Vi) को अब अमेरिकी इन्वेस्टमेंट कंपनी टिलमैन ग्लोबल होल्डिंग्स (TGH) का बड़ा सहारा मिलने जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, TGH कंपनी में 4 से 6 अरब डॉलर (लगभग 35,488 से 53,232 करोड़ रुपये) का भारी-भरकम निवेश करने की योजना बना रही है। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि अगर यह डील फाइनल होती है, तो TGH घाटे में चल रही इस टेलीकॉम कंपनी का मालिकाना हक भी अपने हाथ में ले सकती है।
इस बड़े निवेश को सफल बनाने के लिए TGH ने एक शर्त रखी है। इसके तहत, भारत सरकार को वोडाफोन आइडिया की सभी देनदारियों, जिसमें एडजस्टेड ग्रॉस रेवेन्यू (AGR) और स्पेक्ट्रम पेमेंट से जुड़े सभी बकाया शामिल हैं, को निपटाने के लिए एक मोटी पैकेज देनी होगी। TGH बकाया राशि को माफ करने की मांग नहीं कर रही है, बल्कि वह चाहती है कि इन देनदारियों को इस तरह से पुनर्गठित (restructure) किया जाए, जिससे कंपनी को कुछ राहत मिल सके।
यदि यह डील अंतिम रूप लेती है, तो TGH कंपनी के प्रमोटर बन जाएँगे और मौजूदा प्रमोटर आदित्य बिड़ला ग्रुप और यूके की वोडाफोन से नियंत्रण ले लेंगे। वर्तमान में इस कंपनी की सबसे बड़ी शेयरधारक भारत सरकार है, जिसके पास करीब 49% हिस्सेदारी है। डील होने के बाद भारत सरकार भी इस पर कोई नियंत्रण नहीं रखेगी, बल्कि एक छोटी और निष्क्रिय निवेशक बनी रहेगी। TGH के पास एक टेलीकॉम ऑपरेटर को चलाने के लिए जरूरी विशेषज्ञता और अनुभव है।
