
नई दिल्ली, 05 नवम्बर 2025: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को विश्व चैंपियन भारतीय महिला क्रिकेट टीम की तेज गेंदबाज रेणुका ठाकुर को 1 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देने का बड़ा ऐलान किया। शिमला जिले के रोहड़ू क्षेत्र के परसा गांव की रहने वाली रेणुका ठाकुर भारत की उस टीम का हिस्सा थीं, जिसने अपना पहला विश्व कप जीतकर इतिहास रचा है। मुख्यमंत्री ने खिताब जीतने पर रेणुका ठाकुर से फोन पर बात की और पूरी टीम को बधाई दी।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि राज्य को रेणुका ठाकुर की उपलब्धि पर गर्व है, जिन्होंने विश्व स्तर पर हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अन्य लड़कियाँ अपने लक्ष्यों को हासिल करने के लिए रेणुका से प्रेरणा लेंगी। रेणुका की माँ सुनीता ठाकुर ने बताया कि रेणुका का क्रिकेट का सफर संघर्षपूर्ण रहा है, क्योंकि दो साल की उम्र में ही उनके पिता का साया उठ गया था। उनकी माँ ने जल शक्ति विभाग में चतुर्थ श्रेणी सेवाएं देकर बच्चों का पालन-पोषण किया।
रेणुका की ऐतिहासिक उपलब्धि पर उनके परिवार ने जमकर जश्न मनाया। रेणुका की माँ सुनीता ठाकुर ने सभी माता-पिता से अपील करते हुए कहा, “अगर आपकी बेटियाँ आगे बढ़ना चाहती हैं, तो उन्हें कभी पीछे न खींचे। उनका साथ दें, उन्हें प्रोत्साहित करें।” रेणुका के भाई विनोद ठाकुर ने उनकी गेंदबाजी और विकेट हासिल करने की क्षमता को असाधारण बताया और उन पर गर्व व्यक्त किया।
