
सलकनपुर।साप्ताहिक अवकाश रविवार को देवीधाम में रिकार्ड श्रद्धालुओं ने मातारानी के दर्शन किए. भीड़ का आलम यह था कि मंदिर जाने वाले सभी रास्तों पर श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते जाम के हालात बने हुए थे. वाहनों की कतारों के चलते लोग काफी परेशान हुए.
जिले के प्रसिद्ध देवीधाम सलकनपुर में श्रद्धालुओं की भीड़ दिनों-दिन बढ़ती जा रही है. रोजाना हजारों श्रद्धालु मातारानी के दर्शन करने सलकनपुर पहुंच रहे हैं. रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण श्रद्धालुओं की भीड़ में काफी बढ़ोत्तरी देखने को मिली. सुबह से ही भक्तों का तांता लगा हुआ था. मंदिर पहुंच मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारों के कारण दिन में कई बार जाम के हालात बनते रहे. पुलिस प्रशासन द्वारा किसी तरह यातायात को सामान्य बनाने की कोशिश की जा रही थी. इसी तरह मंदिर परिसर में बने पार्किंग स्थल पर भी वाहनों की भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त स्थानों पर वाहनों की पार्किंग की जा रही है.
रविवार को सलकनपुर मंदिर का सीढ़ी मार्ग भीड़ से खचाखच भरा था और रोपवे के सामने भी लंबी कतारें दिख रही थीं. मंदिर सूत्रों की मानें तो रविवार को लगभग दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मातारानी के दर्शनों का लाभ लिया है.
नगर के पांडालों में सजी मां की नयनाभिरामी प्रतिमाएं
बुधनी. नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र में नवरात्र पर्व के दौरान विभिन्न रूपों की आकर्षक प्रतिमाओं को भव्य रूप में सजाया गया. नगर के प्राचीन मंदिरों व पंडालों में बज रहे मां के गीतों से नगर का माहौल भक्ति मय हो गया है. बहावलपुरी समाज सिंधी कैंप की झांकी इस बार लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है. समिति द्वारा इस बार डरावनी गुफा बनाई गई है. जिसमें भूतों की आवाज और उनकी मौजूदगी लोगों को आकर्षित कर रही है. वहीं दशहरे मैदान के सामने नगर की महारानी के नाम से मशहूर मां काली की भव्य प्रतिमा विशाल पंडाल में विराजमान की गई है. यहां गुरुआ बाबा समिति सदस्यों द्वारा लगातार कई वर्षों से मां की आराधना की जा रही है. इस बार गोकुलधाम कालोनी में पहली बार मां काली की प्रतिमा आकर्षक पंडाल में विराजमान की गई है .
