भोपाल। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज 2 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे भोपाल पहुंचेंगे और ताज होटल में रुकेंगे। इसके बाद 3 अक्टूबर को उनका पूरे दिन का कार्यक्रम रहेगा। दौरे में किसान, पशुपालक, सहकारिता, डेयरी, कानून व्यवस्था और उच्च शिक्षा से जुड़े कई कार्यक्रम शामिल हैं।
शाह 3 अक्टूबर को भेल दशहरा मैदान में राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में शामिल होंगे। सम्मेलन में प्रदेशभर से 35 हजार से ज्यादा गोपालक और दुग्ध सहकारी समितियों से जुड़े सदस्य शामिल होंगे। इस दौरान पशुपालकों को बोनस, गौशालाओं के लिए आर्थिक सहायता और गोपालक दीदियों का सम्मान किया जाएगा। डॉ. भीमराव आंबेडकर कामधेनु योजना के स्वीकृति पत्र भी वितरित किए जाएंगे।
शाह नए आपराधिक कानूनों और न्याय संहिता पर राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे। इसके अलावा भोपाल दुग्ध संघ परिसर में 16.80 करोड़ रुपए की लागत से तैयार fermented प्रोडक्ट डेयरी प्लांट से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां दही, छाछ, लस्सी, श्रीखंड और मावा जैसे उत्पाद तैयार किए जाएंगे। उज्जैन में 255 करोड़ रुपए की डेयरी परियोजना भी दौरे के कार्यक्रम में शामिल है।
दोपहर में अमित शाह मुख्यमंत्री और अधिकारियों के साथ लंबित विषयों को लेकर बैठक करेंगे और नारकोटिक्स को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे। शाम को वे भौरी स्थित IISER भोपाल पहुंचेंगे, जहां स्वामी विवेकानंद की नव-निर्मित प्रतिमा का अनावरण और नए परिसर से जुड़े कार्यक्रम होंगे।
