
सीधी। नगर पालिका परिषद सीधी ने अंतत: शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों में अलाव की व्यवस्था शुरु कर दी। अलाव जलने के बाद से जरूरतमंदो को गलन भरी ठंड में काफी राहत मिली है।
बताते चलें कि शाम ढलने के बाद गलन भरी ठंड का असर तेजी से शुरू हो जाता है। रात में तापमान में गिरावट का क्रम लगातार बना रहता है। सीधी में थर्मामीटर लगातार 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। इस स्थिति के कारण रात में तेजी के साथ गलन और ठिठुरन बढ़ जाने से घर से बाहर रहने वाले लोगों की भारी फजीहत होने लगी है। नगर पालिका द्वारा आज शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पुराना बस स्टैण्ड, जिला अस्पताल परिसर केे अंदर, सम्राट चौराहा, प्रेम स्वीट्स होटल के पास कलेक्ट्रेट चौराहा एवं जमोड़ी तिराहा में सार्वजनिक अलाव की व्यवस्था शुरू कर दी। उक्त सार्वजनिक स्थलों में अलाव जलते ही गलन भरी ठंड से राहत पाने के लिये लोगों का जमावड़ा शुरू होने लगा। अलाव से राहगीरों को सबसे ज्यादा लाभ मिलने लगा है।
नवभारत ने प्रमुखता से उठाई अलाव की मांग
नवभारत ने शहर के सार्वजनिक स्थलों में गलन भरी ठंड के चलते अलाव जलाने की मांग को प्राथमिकता से शीर्षक तापमान लुढक़ा, बढ़ी गलन भरी ठंड, अलाव की उठी मांग को दिनांक 8 दिसम्बर 2025 को प्रकाशित किया था। नगर पालिका प्रशासन ने उक्त मांग को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से लिया और अलाव जलाने की व्यवस्था शुरू की। अलाव जल जाने से शाम ढलने के बाद राहगीरों, यात्रियों, फुटपाथी कारोबारियों को सबसे ज्यादा सुविधा मिलने लगी है। उनको ठिठुरन भरी गलन से राहत लगातार मिलेगी।
