
ब्यावरा। भाजपा शासित सरकार में मनमानी चल रही है. भ्रष्टाचार, तानाशाही चरम पर है. किसान, दलित, गरीबों पर अत्याचार हो रहे है. कांग्रेस पार्टी ने हमेशा किसानों के हित की लड़ाई लड़ी है. पार्टी सत्य और सभी के मान, सम्मान की लड़ाई लड़ेगी.
उक्त बात गुरुवार को स्थानीय नपा कॉम्पलेक्स में कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित आमसभा, प्रदर्शन कार्यक्रम में वक्ताओं ने कही.
जिला इंकाध्यक्ष प्रियव्रत सिंह के नेतृत्व में आयोजित आमसभा एवं प्रदर्शन तथा रैली के आयोजन में जिले भर से इंकाजन शामिल हुए.
अपने ओजस्वी उद्बोधन में जिला कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष प्रियव्रत सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सत्य और मान, सम्मान की लड़ाई लड़ेगी. उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में प्रदेश सहित जिले में तानाशाही पूर्ण रवैया है. भ्रष्टाचार चरम पर है. कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मान सम्मान के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है. किसानों को उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा. भावांतर योजना केे नाम पर किसानों को छला जा रहा है.
किसानों के हित में सरकार को घेरेंगे
आमसभा को संबोधित करते हुए जिला इंकाध्यक्ष श्री सिंह ने कहा भावांतर योजना में खरीदी की जा रही है किंतु इसमें कितना लाभ मिलेगा इसका कोई खुलासा अभी तक नहीं किया.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी उन किसानों को भी भावांतर योजना का लाभ दिलाने के लिए लड़ाई लड़ेगी जिनके द्वारा भावांतर योजना के पूर्व ही सोयाबीन बेच दी गई.
पसीना किसान बहाता, भाव अधिकारी तय करते है
जिलाध्यक्ष श्री सिंह ने कहा कि खेत में फसल की देखरेख रात दिन किसान करता है. रात में जागकर सिंचाई करते है. जब फसल तैयार हो जाती है तब फसल किस रेट में बिकेगी यह भाव किसान नहीं अपितु एसी में बैठे वरिष्ठ अधिकारी तय करते है. जबकि किसान को ही भाव तय करने का अधिकार होना चाहिए.
भ्रष्टाचार को बेपर्दा करेंगे
श्री सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि जिले में भ्रष्टाचार चरम पर है. कांग्र्रेस पार्टी भ्रष्टाचार को बेपर्दा करने का काम करेगी. जिले भर में दलाली का खेल चल रहा है. उन्होंने पुलिस प्रशासन पर भी सत्तापक्ष के कहे अनुसार काम करने का आरोप लगाए.
आपके आने से ज्यादा हमको रोकने के चर्चे रहे
अपने उद्बोधन में जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सौंधिया ने भी भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार करते हुए कहा कि जिले में भ्रष्टाचार, तानाशाही चरम पर है. उन्होंने कहा कि विगत दिवस मुख्यमंत्री के नगर आगमन पर उन्हें अतिथि के रुप में आमंत्रित किया और घबराहट में उन्हें कार्यक्रम में जाने से रोका. अन्य कांग्रेस नेताओं को भी रोका गया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ेेके आने से ज्यादा हमे रोकने की चर्चा जोरों पर रही.
सभा को पूर्व विधायकगण रामचंद्र दांगी, पुरुषोत्तम दांगी, डा. रामप्रसाद दांगी, विजय सिंह सौंधिया, हेमराज कल्पोनी, बापू सिंह तंवर, कृष्ण मोहन मालवीय,पूर्व जिलाध्यक्ष प्रकाश ्रपुरोहित, महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष रचना भार्गव, डा. विश्वनाथ दांगी सहित वक्ताओं ने भी संबोधित किया. संचालन ब्लॉक इंकाध्यक्ष महेन्द्र यादव एवं शहर अध्यक्ष कपिल शिवहरे ने किया.
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
पूर्व विधायक रामचंद्र दांगी ने कहा कि सत्तापक्ष द्वारा तानाशाही पूर्ण तरीके से कार्य किया जा रहा है. भ्रष्टाचार, दलाली का खुला खेल हो रहा है. उन्होंने स्थानीय पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सत्तापक्ष के दबाव में कार्य किया जा रहा है.
हमने सभी का सम्मान किया
वक्ताओं ने कहा कि जब कांग्रेस पार्टी सत्ता में रही तो हमने विपक्षी दल के सदस्यों का भी पूरा सम्मान किया. कांग्रेस पार्टी ने जनसेवा की भावना से राजनीति की है.
किसानों से किया संवाद
रैली के रुप में कार्यकर्ता कृषि मंडी पहुंचे. जहां मंडी प्रबंधन से चर्चा कर भावांतर में खरीदी को लेकर स्थिति स्पष्ट करने को कहा. किंतु प्रबंधन इस बार में यह कहता रहा कि अभी शासन से किसी तरह का कोई मापदंड तय नहीं किया गया है.
पेयजल, यातायात व्यवस्था बिगड़ी
वक्ताओं ने नगर में पेयजल एवं यातायात व्यवस्था के बिगड़े हालातों को रखते हुए कहा कि नगर में पेयजल एवं यातायात व्यवस्था ध्वस्त है. कई दिनों के अंतराल में पेयजल सप्लाई होने, यातायात व्यवस्था के बुरे हालातों से नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, इस और किसी का ध्यान नहीं है. साथ ही रहवासी क्षेत्रो में शराब दुकाने खोल दी है. इससे आमजन को बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. बिजली नहीं मिलने से परेशान किसान आंदोलन करने को मजबूर है. नपा पर भी मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि काम नहीं होने से लोग परेशान है.
इस दौरान पूर्व नपाध्यक्ष नरसिंहगढ़ श्रीमती मंजूलता शिवहरे, नपा उपाध्यक्ष अतुल जगताप, चैन सिंह गुर्जर, मोहन लोधी, लक्की दांगी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
