चार सप्ताह बाद बढ़ा विदेशी मुद्रा भंडार, स्वर्ण भंडार 6.18 में अरब डॉलर का उछाल

मुंबई, 24 अक्टूबर (वार्ता) स्वर्ण भंडार में बड़े उछाल के कारण देश का विदेशी मुद्रा भंडार 17 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में 4.496 अरब डॉलर बढ़कर 702.28 अरब डॉलर पर पहुंच गया।
रिजर्व बैंक द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़े के अनुसार, आलोच्य सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का दूसरा सबसे बड़ा घटक स्वर्ण भंडार 6.181 अरब डॉलर की रिकॉर्ड बढ़ोतरी के साथ 108.546 अरब डॉलर के अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।
स्वर्ण भंडार लगातार आठवें सप्ताह बढ़ा है। पिछले कुछ समय से सोने की कीमतों में जारी तेजी और केंद्रीय बैंक के सोना खरीदने से पीली धातु का देश का भंडार लगातार बढ़ रहा है।
वहीं, 17 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति 1.692 अरब डॉलर घटकर 570.411 अरब डॉलर रह गयी। इसमें अमेरिकी डॉलर के अलावा ब्रिटिश पाउंड, जापानी येन और यूरो शामिल हैं। डॉलर को छोड़कर अन्य मुद्राओं का मूल्य डॉलर के मुकाबले उनके विनिमय दर से तय होता है।
अन्य घटकों में विशेष आहरण अधिकार 3.8 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.722 अरब डॉलर पर और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास आरक्षित निधि तीन करोड़ डॉलर घटकर 4.602 अरब डॉलर पर रही।
विदेशी मुद्रा भंडार के मामले में भारत की स्थिति इस समय काफी मजबूत है और यह सर्वकालिक रिकॉर्ड स्तर के आसपास बना हुआ है।

Next Post

हमारा अंतिम लक्ष्य ईमानदार करदाताओं के जीवन को आसान बनाना:सीतारमण

Fri Oct 24 , 2025
गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) , 24 अक्टूबर (वार्ता) केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को कहा कि कर विभाग का अंतिम लक्ष्य बेइमानी करने वालों के साथ कोई नरमी न बरतते हुए ईमानदार करदाताओं के जीवन को आसान बनाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि कर व्यवस्था में निरंतर सुधारों तथा […]

You May Like