सीहोर. प्रति वर्ष अनुसार इस वर्ष भी आज सोमवार को लोक आस्था का पर्व छठ पूजा के दौरान भोजपुरी समाज द्वारा सांयकालीन डूबते हुए सूर्य को अध्र्य दिया जाएगा. इस दौरान सीवन घाट पर आकर्षक विद्युत साज सज्जा एवं साफ-सफाई की गई है। जानकारी देते हुए राकेश कुमार झा ने बताया कि छठ महापर्व पूरे चार दिन का होता है, जिसमें कि शनिवार को व्रतियों द्वारा लोकी चावल का सेवन (नहाय-खाय) करके इस त्योहार की शुरुआत की गई. रविवार को दूध चावल और गुड़ से निर्मित खीर बनाकर प्रसाद स्वरूप भगवान को भो लगाया गया एवं प्रसाद वितरण किया गया. आज पर्व का तीसरा दिन है, जिसमें डूबते हुए सूर्य देव को अध्र्य दिया जायेगा. सभी देवी देवताओं में सूर्य ही एक ऐसे देव है, जिनके साक्षात दर्शन किये जाते हैं. घाट पर ही शाम को भजन संध्या का आयोजन किया गया है, जिसमें छठी माई के गीतों की प्रस्तुति भी दी जायेगी एवं रात्रि में सुन्दरकाण्ड का भी आयोजन किया गया है. घाट पर वाटरपु्रफ टेन्ट की भी व्यवस्था की गई है.
