मेन राइजिंग पाइप लाइन टूटी, रानी तालाब फिल्टर प्लांट कराया बंद

रीवा:नगर निगम सफाई अमले के लापरवाही के चलते मेन राइजिंग पाइप लाइन शनिवार की शाम तोड़ दी गई. जिसके चलते रानी तालाब फिल्टर प्लांट बंद कर दिया गया है. लिहाजा दीपावली जैसे त्यौहार में पानी की सप्लाई बंद रहेगी. पीएचई शाखा के बार-बार निर्देश के बावजूद त्यौहार के समय निर्माण एजेंसी व सफाई अमले द्वारा पाइप लाइन के आसपास काम किया जाता है. जिसके कारण पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होती है.

रानीतालाब प्लांट इंटेकवेल के पास प्लांट को जाने वाली फीडर मेन राइजिंग लाइन नाला सफाई करते समय नगर निगम की जेसीबी मशीन द्वारा तोड़ा गया है. इस कारण रानीतालाब प्लांट को बंद कर दिया गया है. नगर निगम अमले की लापरवाही के कारण त्योहार के समय सप्लाई ठप्प रहेगी. पीएचई शाखा ने कई बार आग्रह भी किया कि निर्माण के दौरान पाइप लाइन का विशेष ध्यान रखे.

लेकिन नगर निगम प्रशासन द्वारा एजेंसी के खिलाफ कोई ठोस कार्यवाही नही की जाती, जिसके कारण मनमानी चलती है. बताया गया है कि नवरात्रि, दीपावली एवं होली जैसे त्यौहार के समय लिखित में आग्रह किया गया है कि मेन पाइप लाइन के आसपास काम न करे. उसके बाद भी कोई मानने को तैयार नही है. इस लापरवाही के चलते रानी तालाब फिल्डर प्लांट बंद कर दिया गया है. ऐसे में त्यौहार के समय आधे शहर में पानी की सप्लाई मुश्किल होगी. इस लापरवाही का खामियाजा मोहल्ले के लोगो को भुगतना पड़ेगा. अधिकांश फील्ड के कर्मचारी पीएचई के छुट्टी में है, ऐसे में डैमेज लाइन को समय पर ठीक कर पाना चुनौती पूर्ण कार्य है.
एक बड़ी दुर्घटना हो सकती थी
नगर निगम पीएचई शाखा के अधिकारियों को बिना सूचना दिये नाला सफाई का काम कराया जा रहा था. जेसीबी ने मेन पाइप लाइन को तोड़ दिया जो कि फिल्टर प्लांट से निकली थी. जहा पर पाइप लाइन डैमेज हुई उसके ऊपर से 11 हजार विद्युत लाइन गुजरी है और पानी का फुहारा विद्युत लाइन को सीधे छू रहा था. ऐसे में बड़ी दुर्घटना हो सकती थी. नगर निगम का सफाई अमला वहा से चुपचाप निकल गया, किसी को जानकारी नही दी. जब पीएचई शाखा को जानकारी हुई तो आनन-फानन प्लांट को बंद कराया गया.

Next Post

21 अक्टूबर को मनाया जाएगा पुलिस स्मृति दिवस, तैयारियों की रिहर्सल जारी

Sun Oct 19 , 2025
भोपाल: राजधानी में 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर होने वाले मुख्य समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए पुलिस बल द्वारा लगातार रिहर्सल की जा रही है। जवानों ने परेड अभ्यास के साथ शहीद पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि देने […]

You May Like