
इंदौर. शहर में गणेश विसर्जन जुलूस की तैयारियों को लेकर आज महापौर ने झांकी मार्ग का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने ड्रेनेज का कार्य विसर्जन चल समारोह के पहले पूरा करने के निर्देश दिए.आज महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने जेल रोड सहित झांकी मार्गों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने ड्रेनेज कार्य का जायजा लिया. महापौर ने संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए. महापौर भार्गव ने कहा कि जेल रोड अनंत चतुर्दशी झांकी चल समारोह का प्रमुख मार्ग है.
यहां व्यापारियों और रहवासियों की मांग को देखते हुए बड़ी मेजर ड्रेनेज लाइन का काम किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इस कार्य से क्षेत्र में लंबे समय से बनी गंदे पानी की समस्या के समाधान में भी मदद मिलेगी. महापौर ने कहा कि चूंकि यह मार्ग अनंत चतुर्दशी के झांकी चल समारोह का प्रमुख हिस्सा है, इसलिए फिलहाल जितना आवश्यक कार्य है, उसे पूरा कर हिस्से में तत्काल रेस्टोरेशन किया जाए. सड़क का पेंच वर्क करे, जिससे झांकियां निकलने में दिक्कत नहीं हो. निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल एमआईसी सदस्य राजेंद्र राठौर, अश्विनी शुक्ला, नंदकिशोर पहाड़िया, अभिषेक शर्मा बबलू, मनीष शर्मा मामा, सुरेश टाकलकर, महापौर प्रतिनिधि भावेश दवे, जोनल अधिकारी राज ठाकुर, सहित निगम के अधिकारी मौजूद थे.
