
उज्जैन। जीरो पाइंट ब्रिज पर मंगलवार बुधवार रात एक्टिवा सवार दो युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। संतुलन बिगडऩे पर दोनों डिवाइडर से टकरा गए। दुर्घटना में एक की मौके पर मौत हो गई दूसरा गंभीर घायल हुआ है।
देवास गेट थाना पुलिस ने बताया कि जीरो पाइंट ब्रिज पर रात में एक्टिवा सवार दो युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। संतुलन बिगडऩे पर दोनों डिवाइडर से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गये थे जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। जहां एक युवक की मौत होने की पुष्टि डॉक्टरों द्वारा परीक्षण के बाद की गई। दूसरा घायल था जिसे उपचार के लिए भर्ती किया गया। दोनों की पहचान करने पर मृतक का नाम सूरज पिता प्रदीप अग्निहोत्री 23 वर्ष निवासी पंवासा होना सामने आया। घायल अंकित उर्फ काना निवासी वाल्मीकि कॉलोनी का रहने वाला है। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के दौरान मृतक सूरज के परिजनों ने बताया कि 6 माह पहले शादी हुई थी और डिलीवरी बॉय का काम करता था। दोनों अपने दोस्त की शादी के बाने में शामिल होने के लिए आगर नाका गए थे जहां से वापस लौट रहे थे। जानकारी यह भी सामने आई है कि दोनों ने शराब का सेवन कर रखा था। पुलिस के अनुसार फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद सूरज का शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपा गया है।
थाना प्रभारी ने पहुंचाया था अस्पताल
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के दौरान ब्रिज से जीवाजीगंज थाना प्रभारी विवेक कनोडिय़ा गुजर रहे थे उन्होंने दोनों घायलों को देखा तो अपने वाहन से चरक अस्पताल पहुंचाया। लेकिन एक युवक की मौत हो चुकी थी। दुर्घटना की जानकारी रखते ही मृतक और घायल के परिजन अस्पताल पहुंच गए थे।
