काराकास, 26 जून (वार्ता) वेनेजुएला में कुछ ही सेकंड के अंतराल पर आये दो विनाशकारी भूकंप के झटकों के कारण मलबे में तब्दील इमारतों के बीच बचावकर्मी तेजी से लोगों को तलाश रहे हैं, जिनकी सांसें चल रही हों। आधिकारिक आंकड़े के अनुसार, इस तबाही में अब तक कम से कम 235 लोगों की मौत हो चुकी है और 4,300 से अधिक लोग घायल हैं। वहीं अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि इस आपदा में मरने वालों का आंकड़ा 10,000 पार कर सकता है। वेनेजुएला के स्वास्थ्य मंत्री कार्लोस अल्वाराडो ने मीडिया से कहा, ” स्वास्थ्य केंद्रों को अब तक करीब 235 शव मिल चुके हैं।” उन्होंने कहा कि देश भर के अस्पतालों और क्लीनिकों में कम से कम 4,300 घायलों का इलाज किया जा रहा है।
वहीं अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) की चेतावनी के अनुसार, बुधवार रात (स्थानीय समयानुसार) काराकास से लगभग 160 किलोमीटर पश्चिम में 7.2 तीव्रता का भूकंप आया था। इसके कुछ ही सेकेंड के बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा और अधिक शक्तिशाली झटका महसूस किया गया। यूएसजीएस ने चेतावनी दी है कि मरने वालों की संख्या 10,000 से अधिक हो सकता है, हालांकि आधिकारिक आंकड़े अभी सामने आ रहे हैं। बचावकर्मी फिलहाल मौतों के संभावित आंकड़े की सटीक संख्या बताने से बच रहे हैं। इस आपदा में हजारों लोग बेघर हो गये हैं, जबकि कई हजार लोग क्षतिग्रस्त और संभावित रूप से असुरक्षित हो चुकी इमारतों में रहने से डर रहे हैं। इस आपदा के बाद वेनेजुएला की सड़कें और पार्क रात ढलते ही एक बड़े साझा बेडरूम में तब्दील हो गये हैं, जहां लोग रात गुजारने को मजबूर हैं।
एक के बाद एक आये इन शक्तिशाली भूकंपों के झटके बहुत बड़े इलाके में महसूस किये गये, जिसके कारण कई शहरों में इमारतों को खाली कराना पड़ा। वेनेजुएला की राजधानी से करीब 1,700 किलोमीटर दूर ब्राजील के अमेजन क्षेत्र तक भूकंप के झटके महसूस किये गये। भूकंप के कारण काराकास के पास स्थित सिमोन बोलिवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को नुकसान पहुंचा है, जिससे देश के इस मुख्य अंतरराष्ट्रीय प्रवेश द्वार को बंद करना पड़ा। प्रशासन ने अनिश्चितकाल के लिए स्कूल में कक्षाओं पर रोक लगा दी हैं। शिक्षा मंत्रालय ने घोषणा की है कि विद्यालयों की कुछ इमारतों को अस्थायी राहत शिविरों और सहायता सामग्री संग्रह केंद्रों में बदला जायेगा।

