भोपाल। उच्च शिक्षा को अधिक सुलभ और प्रभावी बनाने की दिशा में विभाग ने बड़ा कदम उठाया है. उच्च शिक्षा विभाग ने प्रदेश के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के शिक्षकों से ई कंटेंट तैयार करने को कहा है. जिसका उद्देश्य दूरदराज के छात्रों तक गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री पहुंचाना है. विशेषज्ञों के अनुसार इस नई पहल के तहत विद्यार्थियों को अपने विषय के साथ अन्य संकायों के विषयों को भी समझने का अवसर मिलेगा. साथ ही इससे बहुआयामी शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा और छात्रों की समझ का दायरा भी बढ़ेगा.
डिजिटल स्टूडियो से बदलेगी तस्वीर
बता दें प्रदेश के 10 संभागों में डिजिटल स्टूडियो स्थापित किए गए हैं. जहां शिक्षकों द्वारा तैयार किया गया ई कंटेंट रिकॉर्ड और विकसित किया जाएगा. इससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के छात्रों को भी शहरों जैसी शैक्षणिक सुविधा मिल सकेगी. वहीं विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक और अतिथि विद्वानों को इस पहल से जोड़ा गया है. वहीं इन शिक्षकों को निर्धारित प्रारूप में 26 मार्च तक अपनी जानकारी और कंटेंट उपलब्ध कराना होगा.
