
शाजापुर। नगरवासियों के लिए गुरुवार का दिन राहत लेकर आया. दोपहर तक गर्मी से झुलस रहे नगरवासियों को दोपहर में तेज आंधी के साथ हुई बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई. मौसम विभाग की माने तो शुक्रवार के बाद फिर शनिवार और रविवार को इसी तरह की बारिश की संभावना है.
आज दोपहर बाद आसमान को काले बादलों ने घेर लिया और तेज हवाएं चलने लगी और बारिश शुरू हो गई, जो करीब एक घंटे तक जारी रही. इस दौरान करीब सवा इंच वर्षा दर्ज की गई. स्थानीय मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि शुक्रवार को मौसम साफ रहेगा, लेकिन शनिवार-रविवार को इसी तरह की बारिश के आसार है.
सडक़ों पर भराया पानी, गर्मी से मिली राहत
38 डिग्री तापमान के साथ उमस का कहर झेल रहे नगरवासी लगातार आसमान ताक रहे थे. जो बारिश का इंतजार कर रहे थे. दोपहर बाद मौसम बदला और लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई. यही कारण था कि लोगों ने भीगने की चिंता छोड़ इस प्री मानसूनी बारिश का आनंद लिया. करीब एक घंटे तक तेज आंधी के साथ हुई बारिश का आंकड़ा सवा इंच दर्ज किया गया और हाईवे पर की सडक़ें भी जलमग्न हो गई.
