भोपाल: राजधानी में मेट्रो सेवा की शुरुआत से पहले यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन पर शहर का पहला रेलवे ट्रैक क्रॉसिंग फुटओवर ब्रिज (एफओबी) बनाया जाएगा। इस आधुनिक पुल के बनने से आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले करीब एक लाख लोगों को मेट्रो स्टेशन तक सीधे, सुरक्षित और आसान पहुंच मिल सकेगी।
यह एफओबी दिल्ली मेट्रो की तर्ज पर तैयार किया जाएगा। करीब 10 मीटर ऊंचा और 40 मीटर लंबा यह पुल रेलवे ट्रैक के ऊपर से होकर गुजरेगा और यात्रियों को सीधे मेट्रो स्टेशन की पहली मंजिल तक पहुंचाएगा। इससे लोगों को स्टेशन तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय नहीं करना पड़ेगा और पैदल यात्रियों की आवाजाही भी अधिक सुरक्षित होगी।
मेट्रो प्रबंधन ने इस परियोजना के लिए रेलवे से आवश्यक जमीन भी प्राप्त कर ली है। एफओबी निर्माण के बाद सुभाष नगर, आसपास की कॉलोनियों और अन्य क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को बेहतर लास्ट माइल कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा। इससे मेट्रो तक पहुंच आसान होने के साथ-साथ शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था भी और मजबूत होगी।
वहीं, सुभाष नगर से एम्स तक 6.22 किलोमीटर लंबे मेट्रो के प्रायोरिटी कॉरिडोर पर अंतिम चरण के कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। इस कॉरिडोर पर सिग्नलिंग सिस्टम, ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन गेट और प्लेटफॉर्म स्क्रीन डोर लगाने का काम पूरा हो चुका है।इस रूट पर कुल आठ मेट्रो स्टेशन बनाए गए हैं। इनमें छह स्टेशनों पर दो-दो प्रवेश और निकास द्वार पूरी तरह तैयार हो चुके हैं, जबकि सुभाष नगर और रानी कमलापति स्टेशन पर तीन-तीन गेटों का निर्माण अंतिम चरण में है।
मेट्रो प्रबंधन अब कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (सीएमआरएस) के दोबारा निरीक्षण की तैयारी में जुटा है।सीएमआरएस से सुरक्षा मंजूरी मिलने के बाद भोपाल में मेट्रो संचालन शुरू करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद राजधानी के लाखों लोगों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधा का लाभ मिलेगा।
