
इंदौर. व्यावसायिक इमारतों में अग्नि सुरक्षा इंतजामों को लेकर प्रशासन की सख्ती बढ़ती दिखाई दे रही है , जिसके चलते इंदौर के एमजी रोड स्थित अपोलो टॉवर की करीब 600 दुकानें फायर सेफ्टी मानकों में कमी मिलने के बाद सील कर दी गईं है. कार्रवाई से व्यापारियों में हड़कंप मच गया.
नगर निगम और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम बुधवार को अपोलो टॉवर पहुंची. टीम ने टॉवर परिसर और दुकानों में आग से बचाव के लिए किए गए सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया. जांच के दौरान फायर सेफ्टी व्यवस्था में कमियां मिलने के बाद अधिकारियों ने कार्रवाई शुरू की. टीम ने टॉवर की सभी दुकानों को सील कर दिया. बड़ी संख्या में दुकानें होने के कारण कार्रवाई का असर पूरे व्यावसायिक परिसर पर पड़ा. अचानक हुई कार्रवाई के बाद दुकानदार और व्यापारी मौके पर जमा हो गए. कई व्यापारियों ने कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई, जबकि दुकानें बंद होने से कारोबार प्रभावित होने की चिंता भी सामने आई. नगर निगम और प्रशासन की टीमों द्वारा सुरक्षा मानकों की जांच के बाद कमियां मिलने पर कार्रवाई की जा रही है. अपोलो टॉवर में हुई कार्रवाई के बाद शहर के अन्य बड़े व्यावसायिक परिसरों में भी फायर सेफ्टी इंतजामों को लेकर सतर्कता बढ़ने की संभावना है.
बड़े व्यावसायिक परिसरों पर नजर…
अपोलो टॉवर की कार्रवाई को शहर के बड़े व्यावसायिक परिसरों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की सख्ती के संकेत के रूप में देखा जा रहा है. ऐसे परिसरों में रोजाना बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं. आग जैसी आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी और अग्निशमन इंतजामों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है.
