टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीत के बाद भारत के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। वह अपनी बचपन की दोस्त से मसूरी में शादी करेंगे।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद भारतीय टीम के खिलाड़ी इन दिनों अलग-अलग वजहों से चर्चा में हैं। इसी कड़ी में टीम इंडिया के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव भी सुर्खियों में आ गए हैं। कुलदीप वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद अब अपनी निजी जिंदगी की नई शुरुआत करने जा रहे हैं। वह इसी महीने अपनी बचपन की दोस्त वंशिका के साथ शादी के बंधन में बंधने वाले हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कुलदीप यादव 14 मार्च को मसूरी के एक खूबसूरत रिसॉर्ट में सात फेरे लेंगे। उनकी होने वाली पत्नी का नाम वंशिका है, जो उनकी बचपन की दोस्त हैं। शादी समारोह को खास और निजी रखने की तैयारी की गई है, जिसमें परिवार और करीबी लोग ही शामिल होंगे। शादी के बाद 17 मार्च को लखनऊ में एक भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में क्रिकेट जगत से जुड़े कई बड़े नामों और परिवार के दोस्तों के शामिल होने की उम्मीद है।
पिछले साल हुई थी सगाई
कुलदीप यादव और वंशिका की सगाई पिछले साल ही हुई थी। वंशिका पेशे से एलआईसी में काम करती हैं और दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को जानते हैं। दोनों परिवारों की सहमति से यह रिश्ता तय हुआ था और अब यह जोड़ी जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाली है। कुलदीप के पिता राम सिंह यादव ने हाल ही में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी शादी का निमंत्रण दिया था। इससे साफ है कि यह समारोह काफी खास होने वाला है।
वर्ल्ड कप की वजह से टली थी शादी
रिपोर्ट्स के अनुसार कुलदीप यादव की शादी नवंबर 2025 में होने वाली थी, लेकिन टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने इसे आगे बढ़ाने का फैसला किया था। भारतीय टीम के लिए इस बड़े टूर्नामेंट की तैयारी के कारण कुलदीप ने अपनी शादी टाल दी थी। अब जब टीम इंडिया वर्ल्ड चैंपियन बन चुकी है, तो कुलदीप अपनी जिंदगी के इस नए अध्याय की शुरुआत करने के लिए तैयार हैं।
आईपीएल 2026 में दिल्ली के लिए खेलेंगे कुलदीप
शादी के बाद कुलदीप यादव आईपीएल 2026 में भी खेलते नजर आएंगे। वह दिल्ली कैपिटल्स टीम का हिस्सा हैं और फ्रेंचाइजी ने उन्हें इस सीजन के लिए रिटेन किया है। ऐसे में शादी के बाद वह सीधे आईपीएल की तैयारियों में जुट जाएंगे।
पाकिस्तान के खिलाफ किया था शानदार प्रदर्शन
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कुलदीप यादव को ज्यादा मैच खेलने का मौका नहीं मिला, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मुकाबले में उन्होंने शानदार गेंदबाजी की थी। इस मैच में उन्होंने 3 ओवर में सिर्फ 14 रन देकर 1 विकेट हासिल किया था। उस मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 61 रनों से हराया था।
अगर कुलदीप के अंतरराष्ट्रीय करियर पर नजर डालें तो उन्होंने भारत के लिए अब तक 17 टेस्ट मैचों में 76 विकेट लिए हैं। वहीं 120 वनडे मुकाबलों में उनके नाम 194 विकेट दर्ज हैं। इसके अलावा 54 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में कुलदीप यादव 95 बल्लेबाजों को अपना शिकार बना चुके हैं। इस तरह कुलदीप यादव न सिर्फ भारतीय टीम के अहम स्पिनर हैं, बल्कि अब वह अपनी निजी जिंदगी में भी एक नई शुरुआत करने जा रहे हैं।
