बेगमगंज: क्षेत्र में अंग्रेजी और देशी शराब की बिक्री के लिए बेगमगंज में दो और सुल्तानगंज में दो लाइसेंस जारी हैं, लेकिन ठेकेदारों द्वारा एजेंटों के माध्यम से गांव-गांव अवैध रूप से शराब बेचे जाने का खुला खेल जारी है। बताया जा रहा है कि हर दिन शराब दुकानों से जीपों और पिकअप वाहनों में शराब भरकर गांवों तक पहुंचाई जाती है।
इस अवैध कारोबार से परेशान ग्रामीणों ने कई बार शिकायतें कीं, लेकिन कार्रवाई न होने से लोगों में भारी आक्रोश है।
हाल ही में कस्बा चौका गांव की महिलाओं ने सामूहिक रूप से बेगमगंज तहसील मुख्यालय पहुंचकर एसडीएम शौरभ मिश्रा और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने गांव में खुलेआम शराब बेचने वाले दुर्गाप्रसाद श्रीवास्तव और रविंद्र गोंड पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।महिलाओं का कहना है कि अवैध शराब बिक्री से उनके पति और बच्चे नशे के शिकार हो रहे हैं। नशे में पति घर आकर झगड़ा और मारपीट करते हैं, जिससे महिलाओं का जीवन नरक बन गया है।
वहीं, शराबखोरी के कारण गांव में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ गया है, जो महिलाओं और बच्चियों पर अभद्र टिप्पणियां करते हैं। स्थिति यह है कि कई बेटियां घर से निकलना तक बंद कर चुकी हैं।ग्राम पंचायत सरपंच भागवती बाई सहित रेखा बाई, अनीता बाई, सविता बाई, कमला बाई, पार्वती बाई, लक्ष्मी बाई और वैजंती बाई समेत एक दर्जन से अधिक महिलाओं ने गांव में अवैध शराब बिक्री पर तत्काल प्रतिबंध लगाकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
