उज्जैन में शाही मस्जिद का हिस्सा हटाने के दौरान बवाल, पुलिस पर पथराव के बाद आंसू गैस ; शहर काजी की अपील

उज्जैन। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई को लेकर उज्जैन में सोमवार सुबह तनाव की स्थिति बन गई। कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण की योजना के तहत शाही मस्जिद का कुछ हिस्सा प्रभावित बताया जा रहा है। इसी हिस्से को हटाने की कार्रवाई के दौरान मौके पर विरोध शुरू हो गया।

विरोध के बीच बड़ी संख्या में लोग टंकी चौराहे और शाही मस्जिद के आसपास जुट गए। पुलिस के अनुसार, स्थिति बिगड़ने पर पथराव हुआ। इसके बाद भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर स्थिति की निगरानी करते रहे।

महिलाओं के प्रदर्शन के दौरान TI को लगी चोट

विरोध कर रही महिलाओं को हटाने की कार्रवाई के दौरान क्राइम ब्रांच में पदस्थ थाना प्रभारी पुष्पा पांचाल के हाथ में चोट लग गई। पुलिस के मुताबिक, महिलाओं को सुरक्षित तरीके से हटाते समय चादर के एक कोने से उनके हाथ में कट लग गया।

घटना के बाद टीआई को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया और हाथ में पट्टी बांधी गई। पुष्पा पांचाल के मुताबिक, यह चोट कानून-व्यवस्था की ड्यूटी के दौरान लगी। पुलिस का कहना है कि विरोध में शामिल महिलाओं को चोट नहीं लगी और उन्हें सुरक्षित तरीके से मौके से हटाया गया।

कंठाल से गोपाल मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण

सिंहस्थ की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक करीब 900 मीटर सड़क को 15 मीटर चौड़ा करने की योजना है। प्रस्तावित चौड़ीकरण की सीमा में शाही मस्जिद का कुछ हिस्सा भी आने की बात सामने आई है। इसी कार्रवाई को लेकर सोमवार सुबह विवाद की स्थिति बनी।

शहर काजी ने जारी किया वीडियो संदेश

घटना के बीच उज्जैन शहर काजी खलीलुर्रहमान ने वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि शाही मस्जिद कमेटी खुद अपने हाथों से मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटा रही है। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे संदेशों को लेकर भी लोगों से सतर्क रहने की अपील की।

शहर काजी ने कहा कि शहर सभी का है और इसकी शांति एवं सुरक्षा बनाए रखना सबकी जिम्मेदारी है।

इलाके में पुलिस बल तैनात

पथराव और विरोध की घटना के बाद शाही मस्जिद और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

फिलहाल प्रशासन का फोकस कानून-व्यवस्था बनाए रखने और क्षेत्र में स्थिति सामान्य करने पर है। घटना को लेकर प्रशासन और पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Next Post

ओंकारेश्वर में पितरों के तर्पण की परंपरा

Mon Sep 28 , 2026
श्राद्ध पक्ष के अवसर पर तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी के पवित्र घाटों पर श्रद्धालु अपने पूर्वजों के निमित्त तर्पण और धार्मिक अनुष्ठान कर रहे हैं। मान्यता के अनुसार, इन दिनों पितृ पृथ्वी के सबसे करीब आते हैं और श्रद्धा के साथ किए गए तर्पण से उन्हें शांति और […]

You May Like