किंशासा, 05 मार्च (वार्ता) डेमोक्रेटिक रिपब्लकि ऑफ कॉन्गो (डीआरसी) के पूर्वी इलाके में जारी संघर्ष के कारण 2,500 से अधिक स्कूल प्रभावित हुए हैं।
राष्ट्रीय शिक्षा के प्रभारी राज्य मंत्री रईसा मालू ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि संघर्ष के दौरान उत्तरी किवु और दक्षिणी किवु प्रांतों में 2,500 से अधिक स्कूल या तो नष्ट हो गए हैं या उन पर कब्जा कर लिया गया है। संघर्षों में 10 लाख से अधिक छात्र भी प्रभावित हुए हैं।
उन्होंने कहा, “हमें एक स्कूल के लिए बेहद दुख हुआ, जिसका कब्रिस्तान के रूप में इस्तेमाल किया गया और कई स्कूलों में ब्लैकबोर्ड, बेंच और शौचालय के दरवाजे नष्ट कर दिए गए। उनका उपयोग जलावन के रूप में किया गया।”
गौरतलब है कि एम23 विद्रोहियों और डीआरसी सरकार के संघर्ष ने बड़े पैमाने पर विस्थापन और मानवीय संकट को बढ़ा दिया है तथा शत्रुता को समाप्त करने के लिए कूटनीतिक और सैन्य प्रयासों के बावजूद स्थिति बेहद तनावपूर्ण बनी हुई है।
एम23 ने पूर्वी डीआरसी के कई क्षेत्रों पर कब्जा कर लिया है और समूह ने फरवरी के मध्य में उत्तरी किवु में एक समानांतर प्रशासन स्थापित करने के बाद शुक्रवार को दक्षिण किवु के लिए एक ‘गवर्नर’ नियुक्त किया।
संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी उच्चायुक्त ने कहा कि पिछले चार सप्ताहों में 414,000 कांगोवासी उत्तरी और दक्षिणी किवु प्रांतों से पलायन कर चुके हैं।

