जांजगीर-चांपा, 03 मई (वार्ता) छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करनौद के पास रविवार सुबह एक तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस हादसे में 10 यात्री घायल हो गए, जिनमें महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, कोरबा से सरायपाली की ओर जा रही राजधानी बस रविवार सुबह लगभग 8:30 बजे दुर्घटनाग्रस्त हुई। बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे, जिनमें कई लोग खड़े होकर यात्रा कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस की रफ्तार लगभग 60-65 किलोमीटर प्रति घंटा थी।
बताया जा रहा है कि सामने से आ रही एक अन्य बस को ओवरटेक करने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे बस कुछ दूरी तक तीन पहियों पर चलने के बाद पलट गई। दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला और राहत कार्य में मदद की। सूचना मिलने पर बिर्रा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एम्बुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनीडीह में भर्ती कराया गया।
घायलों में से तीन की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल जांजगीर रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
