
छिंदवाड़ा । चौरई थाना पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 59.40 लीटर देशी और अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस ने शराब से भरी एक इंडिगो कार को भी कब्जे में लिया है। जब्त शराब की कीमत करीब 45 हजार रुपए आंकी गई है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसडीओपी भारती जाट के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन सिंह मर्सकोले के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार रात मुखबिर से सूचना मिलने पर कार्रवाई की। सूचना थी कि छिंदवाड़ा से चौरई की ओर एक कार में बड़ी मात्रा में अवैध शराब ले जाई जा रही है। इसके बाद पुलिस ने ग्राम पलटवाड़ा स्थित केंद्रीय विद्यालय के पास मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर संदिग्ध इंडिगो कार को रोका। तलाशी के दौरान कार से 59.40 लीटर देशी मसाला और अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पूछताछ में वाहन सवार आरोपियों के पास शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस ने शराब और कार को जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यतीश राय (44) निवासी शिवपुरी, जिला छिंदवाड़ा तथा विवेक विश्वकर्मा (32) निवासी रामबाग, छिंदवाड़ा के रूप में हुई है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
