मुंबई, 20 नवंबर (वार्ता) विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) के निवेश बढ़ाने से अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में शुक्रवार को रुपया 71 पैसे मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 92.62 रुपये का बोला गया।
एफपीआई ने आज भारतीय पूंजी बाजार में 90.3 करोड़ डॉलर का शुद्ध निवेश किया। इस महीने अबतक वे 13.67 अरब डॉलर का शुद्ध निवेश कर चुके हैं। इससे रुपये को मजबूती मिली। साथ ही कच्चे तेल और डॉलर में नरमी से भी भारतीय मुद्रा को समर्थन मिला।
पिछले कारोबार दिवस पर रुपया नौ पैसे चढ़कर 93.33 रुपये प्रति डॉलर पर रहा था। आज इसकी शुरुआत आठ पैसे की बढ़त में 93.25 रुपये प्रति डॉलर पर हुई। यह नीचे 93.29 रुपये और ऊपर 92.62 रुपये प्रति डॉलर तक गया। अंत में 92.62 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक आज 0.2 प्रतिशत टूट गया। कच्चे तेल का मानक ब्रेंट क्रूड वायदा भी आज 0.4 प्रतिशत लुढ़ककर 91.6 डॉलर प्रति बैरल रह गया। इन दोनों कारकों का भी रुपये की तेजी में योगदान रहा।
