नाहन, (वार्ता) हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पच्छाद उपमंडल में धनतेरस के दिन एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। शिमला-नाहन मार्ग पर दूंगाघाट के समीप एक बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना सुबह करीब 10:30 बजे हुई। हादसे की सूचना मिलते ही पच्छाद की उपमंडलाधिकारी प्रियंका चंद्रा तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत खाई से निकालकर उपचार के लिए सराहां अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों की गंभीर स्थिति के मद्देनजर उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज, नाहन रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि बोलेरो सवार सभी लोग शिलाई क्षेत्र के कांती-मशवा गांव के रहने वाले थे।
एसडीएम प्रियंका चंद्रा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई है और 10 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। फिलहाल हादसा किस वजह से हुआ, इसके कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
