संदेशखली : शाहजहां के करीबी कादिर मोल्ला की गिरफ्तारी के बाद महिला सुरक्षा को लेकर फिर भड़का जनाक्रोश

कोलकाता, (वार्ता) उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखली में तृणमूल कांग्रेस के निष्कासित नेता शेख शाहजहां के करीबी सहयोगी कादिर मोल्ला पर एक आदिवासी महिला से छेड़छाड़ का आरोप लगने के बाद भारी तनाव पैदा हो गया है।

नजात थाना पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद शुक्रवार को आरोपी कादिर मोल्ला को गिरफ्तार कर लिया। उसकी गिरफ्तारी की मांग और कड़े दंड को लेकर स्थानीय महिलाओं ने सड़कों पर उतरकर भारी विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

घटना के संबंध में दर्ज शिकायत के अनुसार, पीड़ित महिला अपने बेटे को ट्यूशन पढ़ाकर घर लौट रही थी, तभी कादिर मोल्ला ने उसे बीच रास्ते में रोककर मासूम बच्चे के सामने ही उससे अभद्रता और छेड़छाड़ की।

पुलिस ने आरोपी को बशीरहाट उप-विभागीय अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। स्थानीय महिलाओं ने आरोप लगाया कि मोल्ला पहले भी कई महिलाओं का यौन उत्पीड़न कर चुका है, लेकिन शाहजहां के दबदबे और खौफ के कारण कोई भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की हिम्मत नहीं जुटा पाता था।

इस घटना ने संदेशखली में 2024 के उस जनाक्रोश की यादें ताजा कर दी हैं, जब राशन वितरण घोटाले की जांच के सिलसिले में शाहजहां के ठिकाने पर पहुंची प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम पर हमला हुआ था। इसके बाद शाहजहां को गिरफ्तार कर पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था और उसकी शह पर हुए यौन उत्पीड़न तथा भूमि कब्जे के मामलों ने बड़ा राजनीतिक तूल पकड़ा था।

स्थानीय महिलाओं का कहना है कि मोल्ला को ऐसी कड़ी सजा मिलनी चाहिए, जो शाहजहां के अन्य सहयोगियों के लिए भी सख्त चेतावनी बने।

 

Next Post

प्राइमरी कक्षा नहीं आती स्कूल की श्रेणी में, राज्य सरकार का जवाब

Sat Nov 7 , 2026
जबलपुर: स्कूल व शराब दुकान का संचालन एक बिल्डिंग के किये जाने के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर की गयी थी। याचिका की सुनवाई के दौरान सरकार की तरफ से पेश की गई जवाब में साल 2023 में किये गये संशोधन का हवाला देते हुए बताया कि स्कूल की श्रेणी […]

You May Like