
सिंगरौली । जिला मुख्यालय बैढ़न के बैंक ऑफ महाराष्ट्र में 17 अप्रैल को हुई डकैती के मामले में कोतवाली पुलिस बैढ़न ने फरार चल रहे एक आरोपी को बिहार के नालंदा जिले से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 79 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन बरामद किया है। घटना में प्रयुक्त दो अपाची मोटरसाइकिल और एक हेलमेट भी जप्त किया गया है। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान फंटूस कुमार यादव उर्फ ननकी पिता रामइकबाल यादव उम्र 22 वर्ष निवासी खीरूबिगहा, जिला नालंदा, बिहार के रूप में हुई है। आरोपी को 1 सितंबर को हिलसा बाजार, थाना हिलसा, जिला नालंदा से गिरफ्तार किया गया। पूछतांछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि बैंक डकैती के कथित सरगना पीयूषराज जायसवाल की योजना के अनुसार वह अपने साथी कमलेश, पंकज, राजेश और छोटू के साथ घटना से पहले सिंगरौली पहुंचा था। पांचों ने घटनास्थल की रेकी करने के बाद कथित तौर पर योजना के अनुसार वारदात को अंजाम दिया।
मोटरसाइकिल और हेलमेट जप्त
पुलिस के अनुसार वारदात के बाद भागते समय आरोपियों ने घटना में प्रयुक्त दोनों मोटरसाइकिलों को झारखंड के गढ़वा जिले के थाना मेराल क्षेत्र में लावारिस छोड़ दिया था। 25 अप्रैल को तालाब के पास दोनों मोटरसाइकिल और हेलमेट मिलने की जानकारी पुलिस को मिली थी। आरोपी के पुलिस रिमांड के बाद इन वाहनों को जप्त किया गया। फंटूस से उसके हिस्से में आए 79 हजार रुपये और मोबाइल भी बरामद किए गए हैं। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा, आईजी गौरव राजपूत और डीआईजी हेमंत सिंह चौहान के निर्देशन में कार्रवाई हुई। पुलिस अधीक्षक सियाज केएम, एएसपी सर्वप्रिय सिन्हा और सीएसपी हेमंत कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। इसमें उनि शिवम सिंह चौहान, विनय शुक्ला, उदयचंद करिहार, उनि पवन सिंह, अमन वर्मा, सउनि अरविंद द्विवेदी, मुनीन्द्र देव पाण्डेय, प्रआर राय सिंह, अनूप मिश्रा, आशीष त्रिपाठी, प्रशांत विश्वकर्मा और आर गौतम कुमार का सराहनीय योगदान रहा।
इनका कहना:-
बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हुई डकैती के मामले में कमलेश और फंटूस मास्टर माइंड हैं। फंटूस को नालंदा-बिहार से गिरफ्तार किया गया है। इसके कब्जे से दो बाईक एवं 79 हजार रूपये कैश बरामद हुआ है। आरोपी को पकड़ने में बिहार की एसटीएफ का योगदान सराहनीय रहा है। अन्य की तलाश की जा रही है।
सियाज केएम
पुलिस अधीक्षक, सिंगरौली
