जनरल उपेंद्र द्विवेदी 16 से 19 फरवरी तक ऑस्ट्रेलिया की यात्रा पर

नयी दिल्ली, 14 फरवरी (वार्ता) थल सेना प्रमुख (सीओएएस) जनरल उपेन्द्र द्विवेदी 16 से 19 फरवरी तक ऑस्ट्रेलिया की आधिकारिक यात्रा पर होंगे।

रक्षा मंत्रालय की शनिवार को जारी एक विज्ञपति के अनुसार वह सिडनी और कैनबरा में वहां के रक्षा बलों और रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों के साथ विभिन्न उच्चस्तरीय बैठकों और कार्यक्रमों में भाग लेंगे। मंत्रालय ने कहा है कि थल सेना प्रमुख की यह यात्रा दोनों देशों के रक्षा सहयोग को और मजबूत करने तथा हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सुरक्षा के लिए संयुक्त रूप से योगदान देने की साझा प्रतिबद्धता को पुनः स्थापित करती है।

इस यात्रा का उद्देश्य भारत-ऑस्ट्रेलिया रक्षा सहयोग को और सुदृढ़ करना तथा दोनों देशों के बीच बढ़ते सामरिक सामंजस्य को मजबूत करना है। इस यात्रा के दौरान वह ऑस्ट्रेलियाई रक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ व्यापक विचार-विमर्श करेंगे। इन चर्चाओं में सेनाओं के स्तर पर परस्पर सहयोग बढ़ाने, जिसमें प्रशिक्षण, संयुक्त अभ्यास, पेशेवर आदान-प्रदान और क्षमता निर्माण के क्षेत्र में सहयोग के विषय शामिल होंगे।

जनरल द्विवेदी सिडनी में वहां की फोर्सेज कमान के प्रमुख , स्पेशल ऑपरेशंस कमांड और द्वितीय डिवीजन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बातचीत करेंगे। उल्लेखनीय है कि द्वितीय डिवीजन की टुकड़ियां भारत के द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास ‘आस्ट्राहिंद’ में भाग लेती हैं। इस अभ्यास की अगली कड़ी इस वर्ष भारत में आयोजित की जाएगी।

कैनबरा में पहुंचने पर उनका सलामी गारद के साथ स्वागत किया जाएगा उसके बाद वह ऑस्ट्रेलियाई सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल साइमन स्टुअर्ट के साथ बैठक होगी। जनरल स्टुअर्ट और जनरल उपेंद्र द्विवेदी दोनों अमेरिका के आर्मी वार कॉलेज के पाठ्यक्रम में 2015 एक साथ भाग लिया था।

वह उसके पश्चात ऑस्ट्रेलियाई रक्षा बल मुख्यालय में रक्षा सहयोग, आधुनिकीकरण और भविष्य की सैन्य अभियानों से संबंधित विषयों पर व्यापक गोलमेज चर्चा में भाग लेंगे।

थल सेना प्रमुख ऑस्ट्रेलियन डिफेंस कॉलेज के कमांडर से भी मुलाकात करेंगे तथा ऑस्ट्रेलियन कमांड एंड स्टाफ कॉलेज में अधिकारियों को संबोधित करेंगे।

वह उच्च स्तरीय बैठकों के दौरान आस्ट्रेलिया के चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेस (सीडीएफ) और रक्षा विभाग के सचिव से भी मुलाकात करेंगे। वह मुख्यालय संयुक्त संचालन कमान (एचक्यूजेओसी) का दौरा करेंगे, जहां वे कमांडर जॉइंट ऑपरेशंस से मिलेंगे और ऑस्ट्रेलियाई रक्षा बलों की परिचालन संरचना, विशेषकर एकीकृत एवं बहु-आयामी अभियानों के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे।

जनरल द्विवेदी ऑस्ट्रेलियन वॉर मेमोरियल पर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे । वह ऑस्ट्रेलिया में रह रहे भारतीय रक्षा के पूर्व सैनिकों से भी मुलाकात करेंगे।

Next Post

धरोहरों का संरक्षण और पर्यटक सुविधा देना सर्वोच्च प्राथमिकता- शेखावत

Sat Feb 14 , 2026
कुम्भलगढ़, 14 फरवरी (वार्ता) केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण और बेहतर पर्यटक सुविधा केन्द्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा है कि धरोहर संरक्षण संग पर्यटन विस्तार की रणनीति तैयार की जा रही है। श्री शेखावत शनिवार को राजस्थान में कुम्भलगढ़ […]

You May Like